उत्तर प्रदेश में महिलाओं के साथ जोर-जबरदस्ती और रेप के मामले थम नहीं रहे हैं. ताजा मामले एटा और आगरा जिले के हैं. एटा से खबर है कि यहां कोतवाली इलाके में एक नाबालिग लड़की के साथ कई लोगों ने सामूहिक बलात्कार किया. यह घटना आज सुबह हुई. बताया जाता है कि करीब चार लोग भागीपुर गांव के एक घर में घुस गए और घर में मौजूद 13 साल की लड़की के साथ बारी बारी से बलात्कार किया.
लड़की वारदात के समय घर में अकेले थी. इस मामले में एटा पुलिस का कहना है कि चारों आरोपियों विकास, विशाल, टोनी और रानू को गिरफ्तार कर लिया गया है. उधर, कल आगरा में एक घटना हुई. इस जिले के जगदीशपुर इलाके के घोरी भडाना गांव में छह साल की लडकी के साथ बलात्कार की घटना सामने आई. उसे गंभीर हालत में अस्पताल में दाखिल कराया गया है. पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया है. पुलिस को अभी तक आरोपी के बारे में पता नहीं चल सका है.
गौरतलब है कि पिछले चार-पांच हफ्तों में उत्तर प्रदेश में रेप के मामलों में जबर्दस्त बढ़ोतरी हुई है. इसे लेकर सूबे की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं. माया सरकार के सख्त आदेशों के बावजूद महिलाओं की इज्जत लुटने की घटनाओं में कमी नहीं आ सकी है. धीरे धीरे यह प्रकरण माया राज के खिलाफ होता जा रहा है और लचर कानून व्यवस्था से लोग मायावती सरकार के खिलाफ आक्रोशित होते जा रहे हैं.


