
आज अपने गोरखपर प्रवास के तीसरे दिन सुबह उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर में जनता दरबार लगाकर लोगों की समस्याएं सुनीं। प्रदेश के कोने कोने से आए लोगों की समस्याएं सुनकर उनका निराकरण करने का वादा किया। ज्यादातर लोगों के जमीन से संबंधित विवाद और स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं थीं। सभी पीड़ितों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अपने-अपने प्रार्थना पत्र दिए। मुख्यमंत्री ने सभी पीड़ितों की समस्या को ध्यानपूर्वक सुना। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रार्थना पत्रों को संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए और संदर्भित करते हुए त्वरित और संतुष्टिपरक निस्तारण का निर्देश देने के साथ ही साथ आमजन को भरोसा भी दिलाया कि सरकार हर पीड़ित, शोषित की समस्या का समाधान कराने के लिए दृढ़ संकल्पित है। और सभी फरियादियों की हर समस्या का हल जरूर होगा
इलाज के अभाव से नहीं होगा कोई वंचित: CM
योगी आदित्यनाथ ने जनता दरबार में लोगों की फरियाद सुनते हुए कहा कि, इलाज के अभाव से कोई वंचित नहीं रहेगा। इलाज के लिए मुख्यमंत्री कोष से हर संभव मदद किया जायेगा। विधायक और मंत्री कोटे से भी इलाज की व्यवस्था सरकार ने की है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि, जरूरतमंद मरीजों के उच्च स्तरीय इलाज के लिए प्रशासन जितना जल्दी हो सके उतना जल्दी एस्टीमेट बनाकर उपलब्ध कराए। उसके बाद सरकार इलाज के लिए तुरंत धन की व्यवस्था कराएगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपराध एवं जमीन कब्जाने की शिकायतों पर पुलिस अधिकारियों को अपराधियों और भू-माफियाओ के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया। फिर मुख्यमंत्री ने कहा कि, यदि कोई दबंग किसी की जमीन को जबरिया हथिया रहा हो तो उसके खिलाफ कठोर से कठोरतम कार्रवाई की जाए।


