लखनऊ : जंतर मंतर पर 4 अप्रैल को अनशन के दौरान अपने मंच से नेताओं को भगाने वाले अन्ना और उनकी टीम को केंद्र सरकार के रवैये से पाला पड़ने के बाद राजनेताओं की जरुरत और औकात पता चल गई है. इसी क्रम में अन्ना और उनके टीम के लोग लोकपाल विधेयक को पास कराने तथा पीएम और सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश को इसके कटघरे में रखने के मामले में समर्थन पाने के लिए राजनेताओं से मिल रहे हैं तथा तमाम पार्टियों के दरवाजे खटखटा रहे हैं. इस क्रम में अन्ना एवं उनकी टीम से उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री मायावती से मिलने का समय मांगा है.
लालकृष्ण आडवाणी, अजित सिंह, प्रकाश कारात, नीतीश कुमार समेत कई नेताओं से मिलकर अपना पक्ष रख चुकी अन्ना टीम के आज सोनिया गांधी से मिलने के आसार हैं. इसके पहले अन्ना हजारे ने शनिवार को यूपी की मुख्यमंत्री मायावती से भी मुलाकात के टाइम मांगा है. हालांकि मुख्यमंत्री मायावती ने अभी तक इस संदर्भ में कोई आश्वासन नहीं दिया है. पर माना जा रहा है कि आज शाम तक वे इस पर निर्णय ले सकती हैं.


