पाकिस्तान दिग्गज पूर्व तेज गेंदबाज एवं कप्तान वसीम अकरम का मानना है कि रोहित शर्मा भारत के भविष्य के उभरते सुपर स्टार हैं. हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि भारत के यंग क्रिकेटर्स वेस्टइंडीज के खिलाफ वन डे सीरीज का पूरा फायदा नहीं उठा पाए. अकरम रैना से भी खुश दिखे. उन्होंने उम्मीद जताई कि राहुल द्रविण और वीवीएस लक्ष्मण तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में शानदार प्रदर्शन करेंगे.
वसीम का मानना है कि रोहित भविष्य का उभरता हुआ सितारा है. अकरम ने कहा कि रोहित में वो लक्षण दिखते हैं जो एक महान और संतुलित खिलाड़ी में होते हैं. उन्हें हम अगर भविष्य का सुपर स्टार कहें तो गलत नहीं होगा. अकरम का मानना है कि भारत के यंग क्रिकेटर्स ने वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज का पूरा फायदा नहीं उठाया. उन्होंने टीम इंडिया को सलाह दी कि इंग्लैंड दौरे की तैयारी वह वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाजों के खिलाफ पूरी कर ले, क्योंकि इंग्लैंड का दौरा भारतीय टीम के लिए बेहद कठिन साबित होने वाला है.
अकरम कैरिबियाई टूर पर गए युवा खिलाड़ियों के प्रदर्शन से संतुष्ट नहीं हैं. खासकर एस. बद्रीनाथ, शिखर धवन और मनोज तिवारी ने जिस तरह का प्रदर्शन किया अकरम उससे नाराज हैं. उन्होंने कहा कि इन खिलाड़ियों को घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में अच्छे प्रदर्शन के बल पर टीम इंडिया में जगह मिली थी, लेकिन इन्होंने यह शानदार मौका खो दिया, जो इन्हें आगे बहुत फायदा दिला सकता था. उन्होंने कहा कि सीरिज जीतने के बावजूद मुझे नहीं लगता कि चयनकर्ता यंगस्टर्स के प्रदर्शन से खुश होंगे.
उन्होंने कहा कि भारत में अच्छे युवा खिलाड़ी हैं ऐसे में एक बार खराब प्रदर्शन का मतलब टीम इंडिया में दोबारा न खेल पाने का खतरा. उन्होंने कहा कि युवा खिलाडि़यों को राहुल द्रविड़ और सचिन की बराबरी करने के लिए बहुत ज्यादा मेहनत करनी होगी. अकरम ने कहा कि यह अहम है कि राहुल द्रविड़ सबीना पार्क में अपने टेस्ट करियर के 15 साल पूरे कर लेंगे. यह बात बताती है कि इंटरनेशनल क्रिकेट में लंबे समय तक टिके रहने के लिए आपको अपना काम बेहतरीन ढंग से करने के अलावा अनुशासन में रहना और सीखने की आदत को जिंदा रखना होगा.
अकरम रोहित पर कुछ ज्यादा ही मेहरबान दिखे तथा जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा कि मुझे हमेशा से रोहित की काबिलियत पर भरोसा रहा है. उसने वेस्ट इंडीज के खिलाफ मैन ऑफ द टूर्नामेंट बनकर इसे साबित भी कर दिया. इस सीरीज में अपने प्रदर्शन के बाद उसने टीम इंडिया में अपना दावा मजबूत कर लिया है. अकरम ने कहा कि रोहित को अब टेस्ट क्रिकेट पर अपना ध्यान केंद्रित करना चाहिए, जहां उनका मुकाबला विराट कोहली और सुरेश रैना से होगा. यहां सफल होने के लिए उन्हें अपने प्रदर्शन में निरंतरता लानी होगी. अकरम ने रैना की कप्तानी की भी तारीफ की. इस पूर्व गेंदबाज ने कहा कि भारत की कप्तानी बेहद कठिन है. वैसे भी किसी इंटरनैशनल सीरीज में किसी भी देश का नेतृत्व करना कठिन काम होता है. रैना ने अपनी गलतियों से सीखा और टीम को शानदार नेतृत्व दिया.
अकरम ने कहा कि टेस्ट सीरिज में वरिष्ठ खिलाड़ी द्रविड़ और लक्ष्मण बेहतर खेल दिखाएंगे. उन्होंने कहा कि भारतीय टीम को इस दौरे को गंभीरता से लेना होगा क्योंकि इंग्लैंड में उनके लिए परिस्थितियां मुश्किल होने वाली हैं. इंग्लैंड के गेंदबाज भारतीय बल्लेबाजों की वहां कड़ी परीक्षा लेंगे, इसलिए आदर्श जगह नहीं होने के बावजूद भारत को वेस्टइंडीज के गेंदबाजों को बेहतर तरीके से खेलना चाहिए, क्योंकि इंग्लैंड में गेंद लहराती हुई आएगी.


