बदायूं। वरिष्ठ अधिवक्ता और पूर्व जिला पंचायत सदस्य के साथ रविवार को हुई घटना को अधिवक्ताओं ने अब प्रतिष्ठा का प्रश्र बना लिया है। दोषी पुलिस कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई न होने के कारण बैठक कर अधिवक्ताओं ने गुरूवार से हड़ताल पर जाने का निर्णय ले लिया है। उल्लेखनीय है कि शनिवार रात को एसटीएफ टीम द्वारा मारे गये बेकसूर ब्रजपाल के परिजनों को पोस्ट मार्टम हाउस पर वरिष्ठ अधिवक्ता व डीसीबी के पूर्व चेयरमैन अशोक कुमार सिंह रविवार को सांत्वना देने गये थे।
इस दौरान उनके साथ पुलिस ने अभद्रता शुरू कर दी, साथ ही पूर्व जिला पंचायत सदस्य राजेश्वर सिंह उर्फ बेबी को दौड़ा-दौड़ा कर बेरहमी से पीटा गया। इस घटना को लेकर कल सोमवार को जिला बार एसोसिएशन की आपात बैठक बुलाई गयी। बैठक में घटना की घोर निंदा करते हुए दोषी पुलिस कर्मियों के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कर कठोर कार्रवाई करने की मांग करते हुए प्रस्ताव की प्रति वरिष्ठ अधिकारियों को भी भेजी गयी, साथ ही कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी गयी। सोमवार को ही बैठक के बाद वकील एसएसपी से भी मिलने गये, जहां एसएसपी ने एक तरफा मामला दबाने का पूरा प्रयास किया, पर आक्रोशित वकील मुकदमा पंजीकृत कराने की मांग कर चले आये।
उधर पीडि़त अधिवक्ता अशोक कुमार सिंह ने एसएसपी को नामजद तहरीर देकर मुकदमा लिखाने की मांग भी की थी। तहरीर में कहा गया था कि थाना सिविल लाइंस क्षेत्र के गांव गुराई निवासी राजेश्वर सिंह उर्फ बेबी पुत्र पोप सिंह के साथ वह पोस्ट मार्टम हाउस पर थे, जहां फर्जी एनकाउंटर में मारे गये संजरपुर निवासी ब्रजपाल के शव का पोस्ट मार्टम होने के बाद शव सुपुर्दगीनामे में पुलिस वाले हेराफेरी करने का प्रयास कर रहे थे, जिस का उन्होंने विरोध किया तो एसपी सिटी परेश पांडेय, सीओ सिटी श्रीशचंद्र व दस-बारह पुलिस कर्मियों ने जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया, साथ ही आरोप है कि जान से मारने की नीयत से गंभीर चोटें पहुंचाईं एवं धमकी दी कि ब्रजपाल मौर्य की तरह की एनकाउंटर कर लाश जलवा देंगे, लेकिन शोर होने के कारण साथी वकील और जनता मौके पर आ गयी, जिन्होंने बमुश्किल छुड़ाया, वरना पुलिस वाले जान से मार देते।
यह भी आरोप है कि पुलिस ने बेबी का झूठा चालान भी कर दिया एवं उन्होंने मुकदमा लिखाने को तहरीर दी, लेकिन पुलिस वालों ने मुकदमा लिखने से स्पष्ट मना कर दिया। उक्त तहरीर पर एसएसपी ने भी कोई आदेश नहीं किया, जिससे वकीलों ने मामले को प्रतिष्ठ से जोड़ लिया। जिला बार एसोसिएशन की आज फिर बैठक बुलाई गयी, जिसमें गुरूवार से हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया गया।
बीपी गौतम की रिपोर्ट.


