भोपाल। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने अंतर-विश्वविद्यालयीन राष्ट्रीय वाद-विवाद प्रतियोगिता में एक बार फिर अपना परचम लहराकर विश्वविद्यालय का नाम रौशन किया है। जी.बी. पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय पंतनगर (उत्तराखंड) में आयोजित राष्ट्रीय वाद-विवाद प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय के पराक्रम सिंह शेखावत को प्रथम पुरस्कार (व्यक्तिगत) और विश्वविद्यालय की टीम को द्वितीय पुरस्कार प्राप्त हुआ है।
विश्वविद्यालय की दो सदस्यीय टीम में पराक्रम सिंह शेखावत के साथ सुरभि मालू ने इस प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व किया। सुरभि मालू ने इस प्रतियोगिता के विषय ‘क्या आज का आवेगी युवा राष्ट्रनिर्माण के दायित्व को संभाल सकता है?’ के पक्ष में और पराक्रम सिंह शेखावत में विपक्ष में अपने विचार व्यक्त किये। इस प्रतियोगिता में देश भर के 26 विश्वविद्यालयों के 100 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के प्रथम पुरस्कार (व्यक्तिगत) के रूप में तीन हजार रुपये नगद और एक ट्रॉफी तथा पूरी टीम को द्वितीय पुरस्कार के रूप में एक ट्रॉफी और प्रमाणपत्र प्रदान किये गये। पुरस्कार वितरण पंतनगर विश्वविद्यालय के कुलसचिव एवं डीन डॉ. ए.के. कर्नाटक ने प्रदान किये।
माखनलाल चतुर्वेदी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बृज किशोर कुठियाला ने दोनों विद्यार्थियों को इस उपलब्धि के बधाई दी है। गौरतलब है कि गत नवंबर में दिल्ली में भारतीय संसदीय संगठन (जनसंख्या एवं विकास) द्वारा आयोजित राष्ट्रीय वाद-विवाद प्रतियोगिता में भी पराक्रम सिंह शेखावत ने प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया था।


