बेंगलुरू. कर्नाटक में बैंगलोर पुलिस ने एचएसआर लेआउट में एक मकान पर छापा मारकर वेश्यावृत्ति में लिप्त छोटे पर्दे के तीन कलाकारों सहित सात को गिरफ्तार किया है। पुलिस की सेंट्रल क्राइम ब्रांच की टीम ने इन्हें शहर के दो ठिकानों पर छापा मारकर गिरफ्तार किया। पहली छापेमारी एचएसआर ले आउट के सेक्टर सात स्थित एक मकान की गई। यहां से चार लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने शनिवार को बताया कि जिस्मफरोशी के धंधे में शामिल टीवी कलाकारों की पहचान सरोजा, दीक्षिता (24) और अनीता (35) के रूप में हुई है। ये कई टेलीविजन धारावाहिकों में काम कर चुकी हैं।
सरोजा (50) के पति कृष्णमूर्ति को भी इस मामले में गिरफ्तार किया गया है। यह दम्पती वेश्यावृत्ति के लिए अभिनेत्रियों को झांसा देता था। छापे में चार हजार रुपए और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। पुलिस का कहना है कि कृष्णमूर्ति (63) इस रैकेट का मुखिया है। यहां एक ग्राहक से 5 हजार से 10 हजार रुपये तक वसूले जाते थे। मामले की जांच की जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है और कौन-कौन इस गिरोह में शामिल हैं।
पुलिस की इसी टीम ने एजिपुरा में छापा मारकर तीन को गिरफ्तार किया। काजल (23), रुबी (22) और रीना खातून (20) नाम की इन युवतियों पर भी देह व्यापार में लिप्त होने का आरोप है। ये पश्चिम बंगाल की रहने वाली हैं, जो काम की तलाश में शहर में आईं थी लेकिन जिस्मफरोशी के धंधे में शामिल हो गईं। पुलिस के मुताबिक विजी और रमेश नाम के दो शख्स इस सेक्स रैकेट के संचालक हैं जो मौके से फरार हो गए। छापा मारने वाली पुलिस टीम की अगुवाई ज्वाइंट कमिश्नर (क्राइम, ईस्ट) बी दयानंद और डिप्टी कमिश्नर डी एम कृष्णमराजू ने की।


