
जौनपुर। जौनपुर जिले के चंदवक थाना क्षेत्र में आज सड़क हादसे में चंदौली जिले के अपर पुलिस अधीक्षक और उनके गनर की मौत हो गयी, जबकि उनका चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार अम्बेडकरनगर जिले के मूल निवासी चंदौली जिले में अपर पुलिस अधीक्षक पद पर तैनात राम चंद्र यादव (52 वर्ष) देर रात कार से अपने गांव से चंदौली जा रहे थे। तड़के लगभग तीन बजे जब वह आजमगढ-वाराणसी मार्ग पर चंदवक पुल के पास पहुंचे तभी विपरीत दिशा से आ रही एक ट्रक से आमने सामने टक्कर हो गयी। घटना स्थल पर ही राम चंद्र यादव तथा उनके गनर की मौत हो गई। इस घटना से चंदौली पुलिस में गम का माहौल है।


