नई दिल्ली : सेना प्रमुख जनरल वीके सिंह रिटायर होने के मूड में नहीं हैं. उन्होंने सारे कयासों को धता बता दिया. उनका कहना है कि सुप्रीम कोर्ट ने उम्र विवाद को ठीक तरीके से नहीं निपटाया. वीके सिंह ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर सवाल खड़ा करते हुए कहा कि उनकी उम्र का विवाद अभी हल नहीं हुआ है, सुप्रीम कोर्ट ने असली मुद्दे पर कुछ नहीं कहा है.
साप्ताहिक पत्रिका ‘आउटलुक’ को दिए एक एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में जनरल सिंह ने कहा है कि उम्र विवाद कायम है, सुप्रीम कोर्ट के फैसले से इस मसले पर भ्रम और बढ़ गया है, सुप्रीम कोर्ट ने विवाद के असल बिंदु को छुआ नहीं, इस कारण विवाद बना हुआ है.
गौरतलब है कि जनरल सिंह उम्र के मसले पर सुप्रीम कोर्ट चले गए थे. कोर्ट के सुझाव पर उन्होंने अपनी याचिका वापस ले ली थी. कोर्ट ने कहा था कि इस मसले पर वरिष्ठों के फैसले को स्वीकारना चाहिए. लेकिन रिटायरमेंट से जुड़ी प्रक्रिया शुरू होते ही जनरल सिंह ने कहा दिया है है कि उनकी उम्र का मसला अभी सुलझा नहीं है, विवाद बना हुआ है.
उन्होंने कहा कि मेरे इस्तीफे का सवाल ही नहीं उठता, बतौर सेनाप्रमुख मेरी सेना के प्रति कुछ जिम्मेदारियां हैं, मैंने कई काम शुरू किए हैं और उन्हें पूरा किए बगैर मैं पद नहीं छोड़ सकता. सांगठनिक हित सर्वोच्च हैं. उन्होंने कहा कि यह कहना बेईमानी होगी कि मुझ पर इस्तीफा देने का दबाव नहीं था. यहां तक कि मेरे करीबी सलाहकार भी मीडिया की व्याख्या से प्रभावित थे और हां, मैं बेहद निराश था कि उच्चतम न्यायालय ने इस मुद्दे को कारगर तरीके से बंद नहीं किया.
जनरल सिंह ने कहा कि अनेक टिप्पणीकार इसे असैन्य-सैन्य संबंधों में तनाव के क्लासिक मामले के तौर पर देख रहे थे और उन्होंने उनके इस्तीफे की भविष्यवाणी करने के लिए जनरल के एस थिमैया के अपूर्ण इस्तीफे से तुलना की. गौरतलब है कि उम्र विवाद पर रक्षा मंत्रालय के साथ कानूनी लड़ाई में जनरल सिंह को हार का सामना करना पड़ा था।


