नई दिल्ली। बिहार चुनाव को लेकर कांग्रेस भी कमर कस रही है। पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी नेताओं के साथ चुनावी रणनीति को लेकर बैठक कर रहे हैं। लेकिन अभी राहुल गांधी की कांग्रेस अध्यक्ष पर ताजपोशी अगले कुछ महीनों के लिए टल सकती है।
आज दिल्ली में होने वाली कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में संगठन चुनाव को अगले साल तक टालने पर मुहर लग सकती है। गौरतलब है कि संगठन चुनाव इसी साल होने वाले थे क्योंकि सोनिया गांधी का कांग्रेस अध्यक्ष के तौर पर पांच साल का कार्यकाल इसी साल खत्म हो रहा है। संगठन चुनाव टलने का सीधा मतलब है कि सोनिया गांधी ही फिलहाल पार्टी अध्यक्ष बनी रहेंगी। आज कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक का एजेंडा मौजूदा राजनीतिक हालात और मोदी सरकार के एक साल का कामकाज रहेगा। लेकिन इस बैठक में सबसे अहम बात ये है कि कांग्रेस कार्यसमिति संगठन चुनाव अगले साल तक टालने का फैसला करेगी मतलब राहुल फिलहाल पार्टी उपाध्यक्ष ही रहेंगे।


