
रूसी अंतरिक्ष यात्री गेनाडी पैडलका ने अंतरिक्ष में सबसे ज़्यादा वक़्त बिताने का नया कीर्तिमान स्थापित किया है। पैडलका ने कुल 879 दिन वहां बिताए हैं जो पिछले रिकॉर्ड से दो महीने ज़्यादा हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड रूस के ही सर्गेई क्रिकालेव ने नाम था। पैडलका अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन से सोयूज के ज़रिए शनिवार को कजाख़स्तान में उतरे। इससे पहले भी वह 5 बार अंतरिक्ष यात्रा पर जा चुके हैं। अपने पांचवें मिशन में पैडलका 168 दिन अंतरिक्ष में रहे।
उनके साथ डेनमार्क के आंद्रेस मोगेनसन और कजाख़स्तान के एडिन एमबेतोव भी सोयूज टीएमए-16एम के ज़रिए सुरक्षित पृथ्वी पर लौटे। मोगेनसन और एमबेतोव दस दिन अंतरिक्ष में रहे और वे अंतरिक्ष में जाने वाले अपने देशों के पहले नागरिक हैं। इस नए कीर्तिमान के समय अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर अमेरिका के स्कॉट कैली, रूस के मिखाइल कोर्निएंको, सर्गेई वोल्कोव और ओलेग कोनोनेंको तथा जापान के किमिया युई मौजूद रहे।


