काबुल: तालिबान आतंकियों ने रात में अफगानिस्तान के गजनी क्षेत्र में एक जेल पर आत्मघाती हमला करके 350 से ज्यादा कैदियों को छुड़वा लिया है। सुसाइड बॉम्बर्स और बंदूकधारियों के इस हमले में चार सुरक्षाकर्मियों की मौत हो गई है। आतंकी संगठन ने दावा किया है कि छुड़वाए गए कैदियों में 150 तालिबानी भी शामिल हैं।
सोमवार की तड़के 2.30 बजे यह हमला किया गया। एक सिक्युरिटी अफसर ने बताया कि हमलावरों ने अफगान सैनिकों की यूनिफॉर्म पहनी हुई थी। गजनी के गवर्नर ऑफिस के हवाले से मिली जानकारी के मुताबिक घटनास्थल पर दो संदिग्ध सुसाइड बॉम्बर्स के शव मिले हैं। उन्होंने कार में बैठकर जेल के मुख्य दरवाजे को विस्फोट से उड़ाया था। इस हमले में चार सुरक्षाकर्मियों के अलावा सात तालिबानी आतंकी मारे गए हैं। अफगानिस्तान गृह मंत्रालय ने बताया कि 436 कैदियों में से 355 भाग गए हैं। भागने वाले ज्यादातर कैदी राष्ट्रीय सुरक्षा को नुकसान पहुंचाने वाले क्राइम किए थे।
तालिबान का दावा है कि उसने आत्मघाती हमले में 40 सुरक्षाकर्मियों को मारा है। अफगानिस्तान में 2011 में भी तालिबानी आतंकियों द्वारा इसी तरह की घटना को अंजाम दिया गया था । जब कंधार शहर की जेल से करीब 500 कैदी भाग गए थे, जिनमें से ज्यादातर तालिबानी आतंकी थे। आतंकियों ने जेल के बाहर एक किलोमीटर लंबी सुरंग खोदकर कैदियों को छुड़वाया था। आतंकियों ने पांच महीने में यह सुरंग खोदी थी।


