भोपाल। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल में मंगलवार को ‘छात्र संसद’ का आयोजन किया गया। पं. कुंजीलाल दुबे संसदीय विद्या पीठ के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में छात्रों ने विधानसभा की कार्यवाही का मंचन किया। जिसमें लोकमहत्व के अनेक विषयों पर चर्चा की गई। कार्यवाही के दौरान छात्रों ने बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया। इस अवसर पर संसदीय कार्य मंत्रालय के उप सचिव एलसी मोटवानी ने छात्रों को संसदीय रिपोर्टिंग की बारीकियों से अवगत कराया। श्री मोटवानी ने छात्रों द्वारा मंचित विधानसभा कार्यवाही की सराहना की। उन्होंने छात्रों को समसामयिक मुद्दों पर चर्चा करने पर बधाई भी दी। आयोजन के निर्णायक के रूप में डा. एसके पारे, एसएल यादव, श्रीमती सरोज दुबे के अलावा विश्वविद्यालय के जनसंचार विभाग के अध्यक्ष संजय द्विवेदी, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया विभाग के अध्यक्ष प्रो. आशीष जोशी, पत्रकारिता विभाग के अध्यक्ष पुष्पेन्द्रपाल सिंह के साथ सभी विभागों के शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित थे।
छात्रों द्वारा मंचित विधानसभा कार्यवाही में मंयक शेखर मिश्रा ने विधानसभा अध्यक्ष, आशीष मंगल सोनी ने मुख्यमंत्री एवं देवांश अवस्थी ने नेता प्रतिपक्ष की भूमिका अदा की। कार्यवाही के दौरान सुंदरम ओझा और मो. अनस अंसारी ने विपक्षी विधायक की भूमिका निभाते हुये सरकार पर तीखे प्रहार किए। सत्ता पक्ष की ओर से आनंद त्रिपाठी, हेमलता पांडेय, मनीष यादव, मोहित श्रीवास्तव, राहुल जैन, कौशलेन्द्र सिंह ने प्रश्नों के उत्तर दिए।


