लखनऊ : लखनऊ जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन (एलजेए) के अध्यक्ष पद पर लोकमत समाचार के संवाददाता अशोक मिश्र तथा महामंत्री पद पर जनसंदेश टाइम्स के संवाददाता भारत सिंह का मनोनयन किया गया है। इसके अलावा श्री टाइम्स के संवाददाता राजेश सिंह को कोषाध्यक्ष बनाया गया है। तीनों पदों पर मनोनयन की घोषणा प्रदेश महामंत्री सर्वेश कुमार सिंह ने की है। अध्यक्ष पद पर मनोनयन के बाद श्री मिश्र से अपेक्षा की गई है कि वे एक सप्ताह में अपनी कार्यकारिणी घोषित कर लें। कार्यकारिणी में एक उपाध्यक्ष, एक मंत्री तथा 11 सदस्य मनोनीत किये जाएंगे।
इस बीच, उ.प्र.जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन (उपजा) ने राजधानी में एक महीने का सदस्यता अभियान घोषित किया है। अभियान 15 अप्रैल से 15 मई तक चलेगा। सदस्यता अभियान की घोषणा करते हुए महामंत्री सर्वेश कुमार सिंह ने लखनऊ इकाई को निर्देश दिये हैं कि वे सभी दैनिक समाचार पत्रों एवं न्यूज एजेंसियों के संवाददाताओं, डेस्क पर कार्यरत पत्रकारों को प्राथमिकता के आधार पर सदस्य बनाएं। साथ ही स्वतंत्र पत्रकारों, फोटो जर्नलिस्ट्स को भी सदस्य बनाने के निर्देश दिये गए हैं। एक माह के सदस्यता अभियान में प्रत्येक शनिवार को समीक्षा भी की जाएगी। सदस्यता अभियान के लिए उपजा का नए फार्मेट पर आवेदन पत्र जारी किया गया है। इसमें अधिक सूचनाएं संकलित की जाएंगी। आवेदन पत्र नए और पुराने सभी सदस्यों से भरवाने के निर्देश दिये गए हैं।
प्रेस रिलीज


