जौनपुर : वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के जनसंचार विभाग में गुरुवार आयोजित इलेक्ट्रानिक मीडिया की चुनौतियाँ विषयक विशेष व्याख्यान में एक सहारा समय न्यूज़ चैनल लखनऊ के पत्रकार ब्रिजेश सिंह ने कहा कि आज के समय में टीवी चैनलों ने बहुत तेजी से आम आदमी को अपने तरफ आकर्षित किया हैं, लेकिन समाचार पत्रों की प्रासंगिकता कहीं से कम नहीं हुई हैं. इन्टरनेट के साथ-साथ समाचार पत्रों की प्रसार संख्या में भी वृद्धि होना लोकतान्त्रिक व्यवस्था के लिए शुभ संकेत हैं. उन्होंने कहा कि आने वाले समय में वही मीडिया समाज में टिक पायेगी जो समाज के अनुरूप काम करे और लोगों का विश्वास जीत पाए.
छात्रों को संबोधित करते हुए श्री सिंह ने कहा कि मीडिया संस्थानों का काम सूचना को आम आदमी के बीच से लेकर खबर के रूप में पुनः उन तक पहुंचाना होता हैं. ऐसे में थोड़ी भी गलती विश्वसनीयता पर सवाल खड़ा कर सकती हैं. जिसकी भरपाई लम्बे समय तक नहीं हो सकती. खबर संकलन करते समय पूर्वाग्रह से हट कर काम करना चाहिए. पूर्वाग्रह भी घटना को वास्तविक रूप में संकलित करने से हमें रोकता है और वहीं विश्वसनीय का सवाल उठ खड़ा होता हैं. प्रिंट हो या इलेक्ट्रोनिक सभी माध्यमों में काम करने वाले अगर मीडिया तकनीकों से परिचित नहीं होते हैं तो वो अपने को आधुनिक पत्रकारिता में स्थापित नहीं कर पायेंगे. विभाग के प्राध्यापक दिग्विजय सिंह राठौर ने कहा कि मीडिया आज के समय में अगर नहीं होता तो आम आदमी की आवाज को उठाने वाला कोई नहीं होता. इलेक्ट्रानिक मीडिया का क्षेत्रीय होते जाना भी शुभ संकेत है.


