: वक्त के साथ कदमताल को तैयार करता है मीडिया- घनशाला : देहरादून। ग्राफिक एरा विश्वविद्यालय के छात्रों ने एक अखबार का प्रकाशन किया है। ग्राफिक एरा न्यूज नाम के इस समाचार पत्र का विमोचन विश्वविद्यालय के प्रेसीडेंट प्रोफेसर कमल घनशाला ने किया। प्रोफेसर घनशाला ने कहा कि समाचार हमें वक्त के साथ कदमताल करने के लिए तैयार करते हैं। नई खोजों से लेकर विचारों तक की जानकारी जन जन तक पहुंचाने में मीडिया की क्रांतिकारी भूमिका है। ग्राफिक एरा न्यूज में विश्वविद्यालय की गतिविधियों और उपलब्धियों को खास तौर से तरजीह दी गई है। ग्राफिक एरा के एक संस्थान से लेकर दो विश्वविद्यालयों तक के कामयाबी के सफर का उल्लेख करते हुए इस अखबार में इसका काफी श्रेय दुनिया भर में फैले उन कामयाब प्रोफेशनल्स को दिया गया है, जो ग्राफिक एरा के छात्र थे। अखबार में विश्वविद्यालय की मौजूदा और भावी योजनाओं का भी जिक्र किया गया है।
यह अखबार विश्वविद्यालय के मीडिया और एनीमेशन विभाग के छात्र छात्राओं ने शिक्षकों के मार्गदर्शन में प्रकाशित किया है। इसके सम्पादक मंडल में शिक्षकों जयकृत नेगी, मनमोहन भट्ट, अभिषेक वर्मा आदि के साथ ही छात्र प्रियांक मोहन, रोहित जुकलान भी शामिल हैं। प्रोफेसर कमल घनशाला ने अखबार की प्रशंसा करते हुए इसे छात्रों के लिए बहुत उपयोगी करार दिया। विश्वविद्यालय के चांसलर डॉ. आर.सी. जोशी, ग्राफिक एरा पर्वतीय विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. संजय जसोला, निदेशक छात्र कल्याण आलोक बी लाल और निदेशक विकास सुभाष गुप्ता भी विमोचन में शामिल हुए।



