लखनऊ के गोसाइगंज थाने में डा. वाईएस सचान की हत्या और साजिश की रिपोर्ट लिख ली गई है. तहरीर स्पीड पोस्ड से डा. सचान की पत्नी मालती सचान ने भेजा था. हत्यारों को अज्ञात बताया गया है. अज्ञात हत्यारों के खिलाफ धारा 302 और 120बी की एफआईआर की गई है. यह जानकारी लखनऊ के डीआईजी डीके ठाकुर ने दी. डीआईजी ने बताया कि इस हत्याकांड की न्यायिक जांच चल रही है इसलिए न्यायिक जांच पूरी होने के बाद ही पुलिस जांच शुरू होगी. ज्ञात हो कि इन्हीं डीआईजी ने कल कहा था कि उन्हें डा. सचान की पत्नी द्वारा प्रेषित कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है. डा. सचान की पत्नी और पुत्र हत्याकांड की सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं. यूपी मेडिको लीगल डिपार्टमेंट के ज्वाइंट डायरेक्टर वाईएस पाठक ने आज यह कह दिया था कि डा. सचान की मौत दूसरे द्वारा मारे जाने की वजह से हुई.


