गढ़मुक्तेश्वर (गाजियाबाद) : कोतवाली क्षेत्र के चैंटा वाली मड़ैया के पास आठ हथियारबंद बदमाशों ने मारुति वैन में सवार नवदम्पति और बारातियों से तीन लाख रुपए के जेवर और साढ़े सत्रह हजार रुपए की नकदी लूट ली। बदमाशों ने नवदम्पति और बारातियों को लूटकर दुल्हन को अगवा करने की भी कोशिश की। मौके पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों को काफी तलाश किया। लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लग सका। पुलिस ने शक है के आधार पर वैन के चालक और उसके मालिक दोनों को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है।
लूट की घटना से क्षुब्ध बारातियों सहित सैकड़ों ग्रामीणों ने रविवार को पुलिस थाने का घेराव किया। नवदंपत्ति ने भी थाने में पहुंचकर अपनी आपबीती सुनाई। क्षेत्र के गांव नया गांव इनायतपुर निवासी धर्मवीर के पुत्र प्रीतम की बारात गड़ावली गांव में गयी थी। शादी की रस्में पूरी होने पर बारात विदा कराकर प्रीतम दुल्हन व अन्य परिजनों के साथ किराए की मारुति वैन में सवार होकर अपने गांव लौट रहा था। वैन से आगे प्रीतम की बहन धनवंती अपने पति अमर सिंह निवासी ग्राम बलुवापुर और चार वर्षीय पुत्री मनीषा के साथ बाइक पर जा रही थी। ग्राम शाहपुर चौधरी व चैटा वाली मड़ैया के समीप सड़क पर अवरोध बनाकर डाले गए एक पेड़ की साइड से अमर सिंह ने बाइक निकालने की कोशिश की। इसी दौरान वहां पहले से ही घात लगाकर बैठे आठ हथियारबंद बदमाशों ने उसे पकड़ लिया और लूटपाट करने लगे।
इतने में ही वहां नवदम्पति को विदा कराकर ला रही वैन आ पहुंची। पेड़ के अवरोध के कारण रुकी मारुति वैन पर भी बदमाशों ने धावा बोल दिया। उन्होंने दुल्हन से सोने की हंसली, कानों के कुंडल, साथ में बैठी यशोदा, शीला व मनोवती से कानों के सोने के कुंडल व टीका और लगभग साढ़े तीन किलो चांदी के जेवरात लूट लिए। बदमाशों ने दूल्हे के चाचा-ताऊ छत्रपाल सिंह व फूलसिंह से साढ़े सत्रह हजार रुपए की नकदी भी लूट ली। लूटपाट का विरोध करने पर बदमाशों ने बारातियों की जमकर पिटाई की और दुल्हन को जंगल में खींचकर ले जाने लगे। बाद में सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों की तलाश में जंगल में काम्बिंग की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा। इस मामले में पुलिस ने मोहल्ला सेगेवाला निवासी वैन चालक हरीश पुत्र मांगेलाल और वैन मालिक सुशील निवासी मोहल्ला उपाध्याय नगर को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
गढ़मुक्तेश्वर से सुमित गुप्ता की रिपोर्ट.


