लखनऊ : कांग्रेस की न्याय यात्रा के दौरान लखनऊ पुलिस ने जमकर लाठी-चार्ज किया। लाठी चार्ज कांग्रेस की न्याय यात्रा को रोकने लिए किया गया, जिसकी प्रदेश सरकार ने इजाजत नहीं दी थी तथा धारा 144 लागू कर दिया था। पुलिस ने कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष रीता बहुगुणा जोशी समेत कई कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया है। शासन-प्रशासन ने लाठी-चार्ज का कारण धारा 144 का उल्लंघन बताया। पुलिस ने पहले धारा 144 का हवाला देते हुए न्याय यात्रा को रोकने की कोशिश की लेकिन कांग्रेसी कार्यकर्ता इसे तानाशाही बताते हुए अपनी यात्रा जारी रखने की जद्दोजहद करने लगे तो पुलिस ने लाठियां बरसाईं। कांग्रेस के प्रवक्ता सलमान खुर्शीद ने कहा कि मायावती डर गई हैं। वे लोकतांत्रिक तरीके और शांतिपूर्ण ढंग से भी प्रदर्शन नहीं करने दे रही हैं। इस तानाशाही का जवाब जनता देगी।
मायावती सरकार ने कांग्रेस को लखनऊ में न्याय मार्च की इजाजत नहीं दी थी। राजधानी में रविवार शाम से ही धारा 144 लागू कर दी गई थी। कांग्रेस डा. सचान की हत्या तथा उत्तर प्रदेश में महिलाओं के साथ अत्याचार तथा बढ़ते अपराध के विरोध में न्याय यात्रा निकालना चाहती थी। प्रस्तावित रैली के एक दिन पहले शनिवार को स्थानीय प्रशासन ने शहर में निषेधाज्ञा लागू कर दी। डीएम अनिल कुमार सागर ने भी इस रैली से आम लोगों की परेशानी की बात कहते हुए इसकी इजाजत नहीं दी थी। उन्होंने प्रस्तावित न्याय मार्च से आमलोगों को होने वाली परेशानियों का भी हवाला दिया था।


