: ज़फ़र गोरखपुरी की किताब ‘मिट्टी को हँसाना है’ का लोकार्पण : ज़फ़र गोरखपुरी के दोहे मिट्टी के कुल्लहड़ में पेश की गई चाय की तरह हैं। इस चाय में मिट्टी की जो सोंधी गंध घुली होती है वही गंध ज़फ़र साहब के दोहों में भी है। ऐसे दोहे वही लिख सकता है जिसने किसान बनकर हल की नोंक से धरती को गुदगुदाया हो, मिट्टी को हँसाया हो।” इन ख़यालों का इज़हार जाने-माने रंगकर्मी एवं फ़िल्म लेखक जावेद सिद्दीक़ी ने किया। शायर ज़फ़र गोरखपुरी के गीतों और दोहों की किताब ‘मिट्टी को हँसाना है’ के रिलीज़ के मौक़े पर अपनी राय ज़ाहिर करते हुए उन्हों ने आगे कहा- ज़फ़र साहब के दोहे हमारी सोच में ऐसे दाख़िल होते हैं जैसे साँसो में लोबान के धुँए की ख़ुशबू-
वो दिल जिसमें दर्द है उसकी ये पहचान
जल जाए तो दीप है, सुलगे तो लोबान
मरहूम कथाकार कृश्न चंदर की शरीके-हयात मोहतरमा सलमा सिद्दीक़ी ने अपने मुबारक हाथों से शायर ज़फ़र गोरखपुरी की किताब ‘मिट्टी को हँसाना है’ का लोकार्पण शनिवार 26 मई 2012 को भवंस कल्चरल सेंटर अंधेरी, मुम्बई में किया। सलमा आपा ने कहा- कोई इंसान अपने बीवी-बच्चों को हँसाना चाहता है तो कोई अपने यार-दोस्तों को। मगर ज़फ़र साहब ऐसे इंसान हैं जो मिट्टी को हँसाना चाहते हैं। इससे ज़फ़र साहब के रचनात्मक सरोकार का पता चलता है। प्रगतिशील लेखक संघ के मूमेंट में ज़फ़र साहब की भागीदारी की तारीफ़ करते हुए सलमा आपा ने कहा कि ज़फ़र साहब ऐसे शायर हैं जिन्होंने तेशा से पहाड़ों को काटकर शायरी के लिए रास्ता बनाया।
मा’रूफ़ शायर अब्दुल अहद साज़ ने कहा कि ज़फ़र साहब के गीत और दोहे हिंदुस्तान के रिवायती और जदीद समाज का आईना हैं। उनके यहाँ निजी एहसास की नर्मी भी है और सामाजिक सरोकार की आग भी है। वे ज़मीन पर खड़े होकर मानवीयत का परचम लहराते हैं। मशहूर शायर देवमणि पाण्डेय ने कहा—कुछ लोगों का मानना है कि उर्दू में गीत को और हिंदी में ग़ज़ल को अभी तक वो मुक़ाम हासिल नहीं हुआ है जिसके वो हक़दार हैं। लेकिन ज़फ़र गोरखपुरी साहब ने अपने गीतों को कामयाबी की मंज़िल तक पहुँचाकर आने वाली पीढ़ी के लिए एक नायाब मिसाल पेश की है। उनके गीत दिलों को छूते हैं क्योंकि उसमें अपनी मिट्टी की ख़ुशबू, एहसास की शिद्दत और रिश्तों की सुगंध है। मिसाल के तौर पर एक गीत की चंद लाइनें देखिए-
सखी उन्होंने लिक्खा था पिछली दीवाली में
बुन रखना इक डलिया सावन की हरियाली में
रोटी बासी लगती है स्टील की थाली में
साजन खा न सकें जी भर के क्या ये ठीक लगे
ओ री सखी! ये डलिया बुनना कैसा नीक लगे
ज़फ़र गोरखपुरी की रचनात्मकता की तारीफ़ करते हुए पांडेय जी ने कहा कि ज़िंदगी की असरदार और सच्ची तस्वीर पेश करने वाले ज़फ़र गोरखपुरी के गीत और दोहे पढ़ने-सुनने वालों के साथ फ़ौरन अपना एक नज़दीकी रिश्ता क़ायम कर लेते हैं। उर्दू-हिंदी के ख़ज़ाने में ज़फ़र गोरखपुरी के गीत एक क़ीमती इज़ाफ़ा हैं। बल्कि यूँ कहा जाए कि ये गीत ऐसे मोड़ का पता देते हैं जहाँ से गीतों का एक नया क़ाफ़िला आगे की ओर रवाना होगा। उनके दोहों में आज के दौर की दास्तान होने के साथ-साथ देहाती ज़िंदगी का उल्लास भी है और दर्द भी है-
घरवाली को रात दिन मनिआर्डर की आस
माता अपने लाल की चिट्ठी बिना उदास
डॉ.कलीम ज़िया, विधायक नवाब मलिक, समाजसेविका रेहाना उंद्रे, कवयित्री माया गोविंद, और समारोह अध्यक्ष डॉ.शेख़ अबदुल्ला ने भी ज़फ़र साहब को मुबारकवार दी। उर्दू फाउंडेशन के अध्यक्ष मीर साहब हसन ने रिलीज़ फंक्शन की निज़ामत की। बुक रिलीज़ के बाद तिर्याक़ (उर्दू मंथली) के एडीटर शायर ज़मीर काज़मी की सदारत और हिंदी-उर्दू के मशहूर शायर देवमणि पांडेय की निज़ामत में एक मुशायरा हुआ जिसे सामयीन ने बहुत पसंद किया। इसमें अयाज़ गोरखपुरी, दीप्ति मिश्र, प्रज्ञा विकास, अब्दुल अहद साज़, सिकंदर मिर्ज़ा, डॉ.कलीम ज़िया, देवमणि पांडेय, ज़मीर काज़मी और ज़फ़र गोरखपुरी ने ग़ज़ल-गीत-दोहे सुनाकर समाँ बाँध दिया। कुल मिलाकर यह एक ऐसा बेहतरीन प्रोग्राम था जिसे सुनने वाले बरसों याद रखेंगे। इस समारोह का आयोजन उर्दू फाउंडेशन एवं भवंस कल्चर सेंटर अंधेरी की जानिब से किया गया।


