मथुरा। मथुरा के कोसी कलां कस्बे में पानी को लेकर दंगा होने की खबर है. घटना लगभग दो बजे के आसपास की है. एक प्याऊ पर पानी पीने तथा गंदगी फैलाने को लेकर दो समुदायों के लोगों में झड़प हो गई. विवाद भी कुछ बढ़ गया, जिसके बाद एक खास वर्ग के लोग काफी संख्या में आ गए तथा पथराव व आगजनी करनी शुरू कर दी. कई घरों में आग लगा दी गई. कई वाहन जला दिए गए. इसके बाद दोनों गुटों की तरफ से फायरिंग होने की भी सूचना मिली है. दंगा की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने एनएच24 को बंद कर दिया है. दंगाइयों ने एक बैंक को भी घेर लिया था, जिसमें बैंककर्मियों के अलावा कई लोग फंस गए थे.
काफी समय तक पुलिस किसी भी प्रकार की कार्रवाई करने में अपने को असमर्थ पाती रही, बाद में पुलिस की कई टुकडि़यां मौके पर पहुंचीं. सूचना पाकर आला अधिकारी भी घटना स्थल पर पहुंच गए. खबर दिए जाने तक स्थिति में तनावपूर्ण शांति बनी हुई थी. मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है. चारो तरफ अफरातफरी का माहौल है. इस घटना में कई लोगों के घायल होने की भी सूचना है. पुलिस की मौजूदगी में भी छिटपुट झड़प की खबरें मिल रही हैं.


