झज्जर : वरिष्ठ कांग्रेसी नेता राज सिंह जाखड़ ने कहा है कि मीडिया लोकतंत्र में अपना अहम रोल रखते हुए अपनी जिम्मेवारी का निर्वाह बखूबी कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार भी मीडिया के हितों को ध्यान में रखते हुए नीतियां लागू कर रही है। ताकि जिससे उन्हें उनका बेहतर ढंग से लाभ मिल सके। यह बात आज उन्होंने झज्जर पत्रकार मंच के प्रतिनिधियों के साथ एक मुलाकात के दौरान कही। मंच के वरिष्ठ पत्रकार प्रवीण खुराना व प्रथम शर्मा की अगुवाई में मंच से जुड़े पहलुओं पर विस्तारपूर्वक विचार विमर्श किया गया। जाखड़ ने कहा कि मीडिया समाज का आईना हैं और आम जनता के लिए सरकार के बीच जाने का एक सशक्त माध्यम भी है।
उन्होंने उम्मीद जताते हुए कहा कि मीडिया से जुड़े साथी सार्थक पत्रकारिता करते हुए समाज के प्रत्येक वर्गों के उत्थान के लिए कार्य करेंगे। मंच के महासचिव तपस्वी शर्मा ने मुलाकात के दौरान पत्रकारों के बैठने के लिए एक उपयुक्त स्थान भी दिलवाए जाने की मांग रखी। इसके अतिरिक्त मुलाकात के दौरान अन्य कई पहलूओं पर भी विचार विमर्श हुआ। इससे पूर्व मंच के प्रधान डीएल तिवारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में इस बात का निर्णय लिया गया कि जिला मुख्यालय पर पत्रकारों के बैठने के लिए उचित स्थान दिलवाए जाने की मांग को ज्ञापन के रुप में सरकार एवं प्रशासन के समक्ष रखा जाएगा। इसी कड़ी में उनकी ओर से एक मांग पत्र सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा, एमपी दीपेंद्र सिंह हुड्डा, कैबिनेट मंत्री गीता भुक्कल तथा डीसी अजीत बाला जी जोशी को भी सौंपा जाएगा। बैठक के दौरान वरिष्ठ पत्रकार डॉ. प्रवीण खुराना, प्रथम शर्मा, मनमोहन खंडेलवाल, अमित पोपली, तपस्वी शर्मा, सुरेंद्र कुमार विनय, नवीन कौशिक, विपिन बेरी, बिजेंद्र हुड्डा, हरीश शर्मा, अत्तर सिंह, संदीप बेरी सहित अन्य मुख्य रुप से मौजूद रहे।


