गाजियाबाद। दिल्ली एवं आसपास के इलाकों में अपराधी बेखौफ होते जा रहे हैं। इसी बानगी गुरुवार को तब देखने को मिली जब कचहरी परिसर में दिनदहाड़े बदमाशों ने कुख्यात अपराधी उधम सिंह समेत चार लोगों को गोली मारकर घायल कर दिया। पुलिस ने मौके से तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, कचहरी में तारीख पर आए उधम सिंह पर कुछ बदमाशों ने अपर जिला थर्ड न्यायालय के बाहर फायरिंग की। गोली लगने से उधम सिंह समेत चार लोग घायल हो गए। उधम सिंह को दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में और तीन अन्य घायलों ऋषि प्रसाद, गंगा यादव व राम भूल को यहां के यशोदा अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने आशंका जताई है कि गोलीकांड उधम सिंह और योगेश भदौड़ा के बीच गैंगवार के चलते यह घटना घटी है। पुलिस ने बताया कि मौके पर मौजूद पीएसी के जवानों ने बदमाश सचिन तेवतिया समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया है। इस घटना से आक्रोशित वकीलों ने सांकेतिक रूप से हापुड़ रोड जाम कर दिया और न्यायालय परिसर में सुरक्षा और कड़ी करने की मांग की।


