चंडीगढ़ की मेयर राजबाला मलिक और चंडीगढ़ दूरदर्शन के निदेशक डा. के.के. रत्तू ने श्री सनातन धर्म मंदिर सैक्टर-23 चंडीगढ़ में आज आयोजित एक समारोह में एक काफी टेबल बुक ‘टैंपल्स ऑफ द ट्राई-सिटी’ प्रथम चरण पुस्तक का लोकार्पण किया। अनीश भनोट और सुदीप रावत इस पुस्तक के लेखक हैं जिसमें चंडीगढ़, पंचकूला और मोहाली के 29 मंदिरों के इतिहास का विस्तार से वर्णन और सेवा के बारे में जानकारी दी गई है। इस अवसर पर दिवाली के लिए बनाए गए विशेष उपहारों को भी लांच किया गया। समारोह में पार्षद गुरबक्श रावत, सरदारी लाल गो स्वामी, महासचिव, श्री सनातन धर्म महासभा (पंजीकृत) चंडीगढ़, श्री नरेंद्र प्रभाकर, अध्यक्ष श्री सनातन धर्म मंदिर सैक्टर-23 और चंडीगढ़, मोहाली और पंचकूला के अनेक मंदिरों की प्रबंधक कमेटियों के सदस्य भी मौजूद थे। यह पुस्तक एक बहादुर एयरहोस्टेस नीरजा भनोट को समर्पित की गई है जिसने विमान अपहरण के दौरान सैकड़ों लोगों को बचाने के लिए अपने जीवन की कुर्बानी दी।
अनीश भनोट और सुदीप रावत के अनुसार पिछले एक वर्ष से अधिक समय से चंडीगढ़ पंचकूला और मोहाली के विभिन्न मंदिरों के आकर्षित इतिहास और अनुसंधान पर हमने काफी राशि खर्च की है। हमारे सामने उनके इतिहास को प्रस्तुत करने की चुनौती थी ताकि सभी आसानी से इसको पढ़ सकें और मंदिरों द्वारा की जा रही सेवाओं के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी जाए। हमने प्रत्येक मंदिर पर 4 से 6 पृष्ठ समर्पित किए हैं। सभी की प्रस्तुति हमारी टीम द्वारा विशेष रूप से लिए फोटो के साथ की गई है। हमें आशा है कि इस पुस्तक को सभी लोगों द्वारा पसंद किया जाएगा और लोगों को उपयोगी जानकारी मिलेगी।
राजबाला मलिक और डा. के.के. रत्तू ने पुस्तक और लेखकों द्वारा किए गए प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह पुस्तक न केवल सभी समुदायों के लिए बहुत लाभकारी सिद्ध होगी अपितु इस सुंदर शहर में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति के लिए उपयोगी रहेगी। डा. रत्तू ने कहा कि यह जानकारी का एक बड़ा खजाना है और वास्तव में लेखकों और उनकी टीम का एक सराहनीय प्रयास है। श्री सनातन धर्म महासभा के महासचिव सरदारी लाल गोस्वामी ने कहा कि चंडीगढ़ के इतिहास में यह पहला अवसर है कि इस प्रकार के प्रशंसनीय प्रयास किए गए हैं। मैं भगवान से लेखकों के प्रयासों की सफलता की कामना करता हूं और वे इस प्रकार के अच्छे कार्यों को जारी रखें। इसी प्रकार की अपनी भावना व्यक्त करते हुए री सनातन धर्म मंदिर सैक्टर-23 चंडीगढ़ के अध्यक्ष नरेंद्र प्रभाकर ने कहा कि हम सभी समुदाय के लिए यह पुस्तक वास्तव में अमूल्य है और उनकी सफलता की कामना करता हूं।
जयश्री राठौड़ की रिपोर्ट.


