बिजनौर : पेड चैनलों को प्रसारित करने वाली कंपनी की प्रवर्तन टीम ने पुलिस को लेकर बिजनौर सिटी केबल नेटवर्क के आफिस पर छापा मारा। टीम ने आफिस में पेड चैनलों का अवैधानिक तरीके से संचालन करने के आरोप में संचालक को पकड़ लिया। टीम की तहरीर पर पुलिस ने संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। मंगलवार को पिकरटन सी एंड आइ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के जांच अधिकारी व प्रवर्तन दल के प्रभारी गुड़गांव (हरियाणा) निवासी प्रवीन कुमार साथी कमल सिंह व संजय शर्मा के साथ थाना कोतवाली शहर पहुंचे। टीम ने थाना पुलिस को लेकर बिजनौर सिटी केबल के आफिस पर छापा मारा। टीम ने केबल संचालक मनीष छाबड़ा पुत्र वेदप्रकाश को पेड चैनल जी टीवी, लाइफ ओके, जी स्माइल व जी जागरण का संचालन गैर वैधानिक रूप से करते हुए पाया। इस पर टीम ने संचालक को पकड़ लिया। साथ ही आफिस से दो रिसीवर व दो ट्रांसमीटर जब्त कर लिए।
प्रवीन कुमार की तहरीर पर पुलिस ने संचालक मनीष के खिलाफ कापीराइट एक्ट का उल्लंघन व धोखाधड़ी करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया। केबल संचालक के पकड़े जाने पर कई सपा नेता थाने पहुंच गए और हंगामा शुरू कर दिया। सपा नेताओं के दबाव में शहर कोतवाल एसकेएस प्रताप ने आरोपी संचालक को थाने से जमानत दे दी। उधर, संचालक ने बताया कि उनके पार्टनर राकेश, शकील, आवेश, दिनेश, पंकज शर्मा, देवेंद्र व कमलेश हैं। पेड चैनलों को प्रसारित करने वाली कंपनी के लोग उनसे निर्धारित से ज्यादा फीस मांग रहे थे, जिसे उन्होंने देने से इंकार कर दिया। उन पर लगाए गए आरोप निराधार हैं। (जागरण)


