मास्को। सीरिया में अपहृत यूक्रेन की पत्रकार ने ऑनलाइन संदेश के माध्यम से राजनयिकों और सीरिया सरकार से अपनी रिहाई के बदले अपहरणकर्ताओं की शर्ते मानने की गुहार लगाई है। स्वतंत्र पत्रकार अनहर कोचनेवा (40 वर्ष) 15 अक्टूबर से लापता हैं। वह अकेले सीरिया के शहर होम्स की यात्रा पर गई थीं। अनहर ने फेसबुक पर अरबी भाषा में दिए एक वीडियो संदेश में कहा, “मेरा नाम अनहर है। मैं होम्स में हूं। मैं यूक्रेन और रूसी दूतावासों और सीरिया प्रशासन से प्रार्थना करती हूं कि वे मुझे बंधक बनाने वालों की मांगों को मान लें।” उन्होंने अपहरणकर्ताओं की पहचान का खुलासा नहीं किया और न ही उनकी फिरौती की मांग के बारे में कोई जानकारी दी।
अनहर सीरियाई मुद्दों की विशेषज्ञ और राष्ट्रपति बशर-अल-असद की मुखर समर्थक हैं। वह संघर्षरत अरब देश के विभिन्न हिस्सों की रिपोर्टिग कर रही हैं। अनहर के परिजनों ने पूर्व में दावा किया था कि उसे सीरियाई विद्रोहियों से कई बार धमकी दी जा चुकी है क्योंकि वह लगातार विद्रोही ताकतों की आलोचना कर रही थीं। गौरतलब है कि अगस्त से अभी तक सीरिया में कम से कम तीन विदेशी पत्रकार गायब हो चुके हैं। (पर्दाफाश)


