औरैया में स्थित गेल इंडिया लिमिटेड से एलपीजी गैस लेकर कानपुर की ओर जा रहे टैंकर से गैस चोरी करते समय टैंकर में भीषण आग लग गयी। गैस टैंकर में आग लगते ही इलाके में सनसनी फ़ैल गयी। सूचना पाकर पहुंची एनटीपीसी और औरैया जिला प्रशासन की फायर ब्रिग्रेड की गाड़ियों ने आग से जल रहे टैंकर के पास तक जाने की हिम्मत नहीं जुटा पाए। दूर खड़े फायर ब्रिग्रेड के जवान धू -धू कर जल रहे गैस टैंकर के सामने असहाय नजर आये। इतनी बड़ी घटना के बावजूद जिले के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक घटना स्थल पर नहीं पहुँच सके थे जबकि टैंकर में आग की घटना उनके आवास से महज 2 किलोमीटर की दूरी पर घटी। अभी तक टैंकर की आग नहीं बुझ पायी है। पास में स्थित कई पेट्रोल पम्पों की वजह से लोगों की साँसें थम सी गयी हैं। एहतियात के तौर पर आसपास के गाँव में रहने वाले ग्रामीणों को सावधानी बरतने और जरूरत पड़ने पर गाँव खाली करने के आदेश दिए गए हैं।
दौलत की भूखी अखिलेश यादव की पुलिस अब अपनी जेब गरम करने के लिए लोगों की जान से भी खेलने से नहीं चूक रही है। औरैया के दिबियापुर में स्थित गेल इंडिया लिमिटेड के एलपीजी प्लांट से गैस लेकर दूसरे राज्यों में जाने वाले टैंकरों से पुलिस को चढ़ौती चढ़ाकर गैस की चोरी पिछले काफी समय से बड़े पैमाने पर हो रही है। आज अर्ध रात्रि में औरैया शहर से चंद दूरी पर स्थित जैतापुर गाँव के पास स्थित एक ईंट के भट्ठे पर दो टैंकरों से गैस चोरी करते समय एक टैंकर में जबरदस्त आग लग गयी। आग लगते ही इलाके में सनसनी फ़ैल गयी और लोग अपना घर छोड़ कर दूर भागने लगे। पास में पड़े सैकड़ों घरेलू गैस सिलेंडर भी आग की चपेट में आकर आसमान में उछल कर फट गए। आग से जलते टैंकर से निकल रही डरावनी आवाज सुन लोगों के होश उड़ गए। टैंकरों से गैस के चोरी का धंधा पिछले काफी समय से हो रहा है, जिसमें पुलिस के आला अफसरों की संलिप्तता बतायी जा रही है। फिलहाल अभी तक आग पर काबू नहीं पाया जा सका है और लोगों की सांसें अटकी हुयी हैं। अग्नि शमन अधिकारी आरबी गौतम ने बताया कि टैंकर से गैस चोरी का यह धंधा काफी दिनों से चल रहा है।


औरैया से सुरेश मिश्रा की रिपोर्ट.


