देवरिया। कोतवाली थाना अन्तर्गत मुहल्ला नेहरू नगर की एक युवती की मां ने एक युवक द्वारा दुष्कर्म करने के प्रयास किए जाने की शिकायत पुलिस से की है। लेकिन कुछ पुलिस वाले आरोपी के खिलाफ कार्रवाई के स्थान पर शिकायतकर्ता को ही परेशान कर रहे हैं तथा समझौता करने का दबाव बना रहे हैं। शिकायतकर्ता की मां ने शनिवार को इस मामले की शिकायत कोतवाली थाने जाकर कोतवाल से की। उनका आरोप है कि पुलिस के सामने ही आरोपी तथा उसके साथ आए दर्जनों लोगों ने मां बेटी के साथ बदसलूकी और गाली गलौज की। जब मां बेटी कोतवाली में ही रोने लगी तब जाकर पुलिस ने थोड़ी सी संवेदना दिखाई और आरोपी युवक को दो चार थप्पड़ और डंडे लगाए।
मिली जानकारी के अनुसार श्रीमती लाखपती देवी पत्नी सूर्य बली रौनियार ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में शिकायत की है कि वे काफी गरीब हैं तथा सब्जी बेचकर उनके परिवार का गुजर बसर होता है। इस समय उनके पति बीमार है। बीते 15 दिसम्बर को दिन के करीब तीन बजे कोतवाली थाने के भीखमपुर रोड के पास स्थित हनुमान मंदिर वाली गली में रहने वाले राजकुमार गुप्ता ने घर में अकेली पाकर उसकी पुत्री सोनी (काल्पनिक नाम) के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। लेकिन शोर मचाने पर आरोपी युवक जान माल की घुड़की धमकी देते हुए भाग खड़ा हुआ। उसके बाद जब आरोपी युवक के घर वालों से इसकी शिकायत हुई तो आरोपी युवक के घर वाले तथा कोतवाली थाने के गरूलपार चौकी के कुछ सिपाही इस मामले में एक हो गए तथा शिकायतकर्ता मां बेटी को को ही बदनामी का भय दिखाते हुए हड़काने लगे तथा इस मामले में समझौता करने का दबाव बनाने लगे। इस प्रकरण के बारे में पूछे जाने पर कोतवाल सूरज पाल सिंह ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है तथा आरोपी व्यक्ति को पकड़ लिया गया है तथा उससे पूछताछ की जा रही है।
देवरिया से ओपी श्रीवास्तव की रिपोर्ट.



