दूरदर्शन के ग्वालियर केंद्र की निदेशक इंदु वर्मा और वरिष्ठ पत्रकार राकेश अचल के बीच बीते रोज हुआ विवाद बुधवार को ग्वालियर प्रेस क्लब की मध्यस्थता से सुलझ गया। क्लब के अध्यक्ष लोकेंद्र पाराशर और अन्य सदस्यों की मौजूदगी में हुई चर्चा में दोनों पक्षों ने विवाद के लिए खेद जताते हुए अपनी-अपनी शिकायत वापस लेने की बात कही। इससे पहले वे लोग सुबह कलेक्टर डॉ. संजय गोयल के निवास पर ज्ञापन देने पहुंचे थे। ज्ञापन में उक्त घटना के साथ-साथ बालाघाट में पत्रकार संदीप कोठारी की हत्या पर चिंता जताते हुए पत्रकारों की सुरक्षा के लिए कानून बनाए जाने की मांग संबंधी सूचना प्रसारण मंत्री के नाम ज्ञापन कलेक्टर को सौंपा। ज्ञापन के बाद श्रद्धांजलि सभा कर दिवंगत पत्रकार कोठारी को श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर राजेश शर्मा, सुरेश शर्मा, सुरेश दंडौतिया, विनय अग्रवाल आदि मौजूद थे।


