भारतीय जनता पार्टी के पूर्व अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड के प्रभारी राजनाथ सिंह ने राहुल गांधी की पदयात्रा का मजाक उड़ाया है। राजनाथ सिंह ने कहा कि एक तरफ राहुल गांधी ये कहते हैं कि उत्तर प्रदेश को आज दलाल चला रहे हैं और दूसरी तरफ दिल्ली में उनकी ‘पार्टी’ उन्हीं ‘दलालों’ के समर्थन से सरकार चला रही है। उन्होंने ये भी कहा कि जो लोग किसानों की समस्याओं पर संसद में कभी सवाल नहीं पूछते वे टीवी कैमरे के सामने गांव-गांव जाकर किसान नेता बनने में लगे हैं।
सीएनईबी के साप्ताहिक कार्यक्रम ‘क्लोज एनकाउंटर’ में सलाहकार संपादक किशोर मालवीय के साथ खास बातचीत में राजनाथ सिंह ने कहा कि मायावती और कांग्रेस के बीच सांठ गांठ है। यही वजह है जब बीजेपी के नेता भट्टा परसौल पहुंचते हैं तो धारा 144 लगा दी जाती है और जब राहुल गांधी पहुंचते हैं तो ये धारा हटा ली जाती है।
उत्तर प्रदेश चुनाव में अगर हंग एसैम्बली हुई तो क्या बीजेपी मायावती का समर्थन ले सकती है ? इस सवाल पर राजनाथ सिंह ने साफ कहा कि वह पिछले अनुभवों के आधार पर ये ऐलान करते हैं कि बीजेपी किसी भी हाल में बीएसपी के साथ कोई तालमेल नहीं करेगी। उन्होंने अफसोस जताया कि पिछली बार जब बीजेपी और बीएसपी के बीच बारी-बारी से 6-6 महीने सरकार चलाने का समझौता हुआ था तब भी उन्होंने इसका विरोध किया था लेकिन पार्टी ने उनकी नहीं सुनी थी। लेकिन इस बार उन्होंने साफ कहा कि अब ऐसा नहीं होगा चाहे बीजेपी को विपक्ष में क्यों न बैठना पड़े।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक पर लग रहे भ्रष्टाचार के आरोपों पर राजनाथ सिंह ने कहा कि किसी एजेंसी ने उनके खिलाफ कोई मामला दर्ज नहीं किया है। अगर प्राथमिक रूप से कोई मामला बनेगा तो बीजेपी अवश्य कार्रवाई करेगी। सीएनईबी के इस कार्यक्रम का प्रसारण 10 जुलाई रविवार शाम 7 बजे होगा और इसका दोबारा प्रसारण मंगलवार रात 9:30 बजे होगा। प्रेस विज्ञप्ति


