आतंकियों ने एक बार फिर देश को चुनौती दी है. मुंबई में कई धमाके होने की खबर है. शाम सात बजे के आसपास दादर, झावेरी बाजार और ओपेरा हाउस में बम विस्फोट हुए. हमलों में करीब 20 लोगों के मारे जाने की आशंका है. अभी तक दस लोगों के मौत की कनफर्म सूचना है. कई दर्जन लोग घायल हुए हैं.
मुंबई में बम विस्फोट के बाद कई राज्यों में हाई एलर्ट जारी कर दिया गया है. गृह मंत्रालय ने आतंकी हमले की पुष्टि की है और गृह मंत्री पी. चिदंबरम मौके की नजाकत को देखते हुए अपने मंत्रालय के दफ्तर पहुंच गए हैं. एनआईए की टीम मुंबई के लिए रवाना की जा रही है. महाराष्ट्र एटीएस की टीमें भी धमास्थल पर पहुंच रही हैं. दादर इलाके में बस स्टाप के पास धमाका हुआ लेकिन सौभाग्य यह रहा कि यहां कोई मारा नहीं गया.
शिवसेना सांसद मनोहर जोशी मौके पहुंचे और किसी के भी न मरने की पुष्टि की. केवल तीन लोग घायल हुए हैं. बस स्टाप पर धमाके से एक कार क्षतिग्रस्त हुई है. झावेरी बाजार में मंदिर के सामने विस्फोट हुआ. ओपेरा हाउस में प्रसाद चैंबर के पास धमाके में बीस से ज्यादा लोग घायल हुए.


