‘यूपीए सरकार सुरक्षा के मुद्दे पर कभी गंभीर नहीं रही है। इसके 6 साल के शासन में अब तक 26 आतंकी घटनाएं हुई हैं। लेकिन हर घटना के बाद यह सरकार जागने के बाद सो जाती है।’ ये बातें कही बीजेपी नेता मुख्तार अब्बास नकनी ने सीएनईबी के शो जनता मांगे जवाब में। इस शो में नकवी के साथ एनसीपी नेता तारिक अनवर, समाजिक कार्यकर्ता मधु किश्वर, एलजेपी सांसद साबिर अली और रॉ के पूर्व अधिकारी आर.एस.एन सिंह ने शिरकत की। शो के होस्ट हैं संपादक अनुरंजन झा।
मुख्तार अब्बास नकवी ने मुंबई ब्लास्ट पर गृहमंत्री के बयान को गैर जिम्मेदाराना रवैया करार देते हुए कहा कि अमेरिका ने वर्ल्ड ट्रेड सेंटर पर हमले के दोषियों को जिस तरह बिल से निकालकर मारा उससे पूरी दुनिया को यह संदेश गया कि जो अमेरिका पर इस तरह का हमला करेगा वह दुनिया के किसी भी कोने में जिंदा नहीं रहेगा। उन्होंने कहा कि हम भी जब तक ऐसा नहीं करते तब तक आतंकवाद से मुकाबला नहीं कर सकते।
तारिक अनवर ने कहा कि मुंबई ब्लास्ट सरकार की नाकामी नहीं है और हमारी पुलिस भी चुस्त दुरूस्त है। लेकिन हमारा देश आतंकी हमले के निशाने पर है, इसलिए अगर हम यह सोचते हैं कि कोई हमला नहीं होगा तो यह संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि हमें अमेरिका से तुलना नहीं करनी चाहिए क्योंकि वह संसाधनों और आधुनिक साजो समानों के मामले में हमसे बहुत आगे है। उसके बावजूद हमारी सरकार हर संभव कदम उठा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह के हमले के बाद हमें अपने सुरक्षा बलों को हतोत्साहित नहीं करना चाहिए।
आर.एस.एन सिंह ने कहा कि मुंबई ब्लास्ट देश की वित्तीय राजधानी पर हमला है और इस तरह के हमले में दहशत के साथ सिंबलिज्म भी एक उद्देश्य होता है। उन्होंने कहा कि हमें यह देखना होगा कि 26/11 के मुंबई हमले के बाद सरकार ने आज तक क्या किया? क्या इस दौरान पाकिस्तान के रवैये में कोई बदलाव आया? क्या उसके चरित्र में कोई बदलाव आया? उन्होंने कहा कि जब देश में आतंकी हमले होते हैं तो राजनेता हिंदू और मुस्लिम आतंकवाद का नाम देकर देश को गुमराह करने की कोशिश करते हैं। उन्होंने सवालिया लहजे में कहा कि क्या 26/11 के हमले के बाद इस तरह के राजनीतिक माहौल में आतंक के खिलाफ लड़ाई जीत सकते हैं? उन्होंने कहा कि गृहमंत्री जिसे एक फीसदी कह रहे हैं वह मुंबई के लोगों के लिए सौ फीसदी लगता है।
साबिर अली ने कहा कि आज की तारीख में लोगों के जेहन में यह डर लगा रहता है कि घर से निकलने के बाद वापस आ पाऊंगा कि नहीं। उन्होंने कहा कि बात केवल मुंबई की नहीं बल्कि किसी भी शहर में अगर एक बार हमला होता है तो लोग समझते हैं कि यह सरकार की नाकामी है। लेकिन बार-बार इस तरह की घटनाएं होती हैं तो यह सरकार का निकम्मापन है।
मधु किश्वर ने कहा कि आतंकी हमले पर जो राजनीति होती है वो ठीक नहीं है। उन्होंने कांग्रेस और बीजेपी दोनों को कठघरे में खड़ा करते हुए कहा कि ये दोनों पार्टियां भी पाक साफ नहीं हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाओं में लागातार लोग मर रहे हैं लेकिन नेता भावनाहीन और रटे-रटाए बयान देकर एक- दूसरे पर छींटाकशी कर रहे है। उन्होंने कहा कि इस तरह के हमले से निपटने के लिए हमें थाना स्तर से सुधार करना होगा क्योंकि आज जो थाने हैं उनमें से अधिकतर अपनी ही सुरक्षा नहीं कर सकते तो वो जनता की सुरक्षा क्या करेंगे।
चर्चा के दौरान आर.एस.एन सिंह ने एक बेहद अहम पहलू की ओर ध्यान दिलाते हुए कहा कि यूपी में जिस दिन बड़ी रेल दुर्घटना होती है उसी दिन असम में भी रेल दुर्घटना होती है, जिसमें बम के इस्तेमाल की बात सामने आती है और उसके दो दिन बाद मुंबई में बम ब्लास्ट होता है। लेकिन मीडिया सहित किसी भी सुरक्षा ऐजेंसी ने इसे जोड़कर देखने की कोशिश नहीं की। उन्होंने कहा कि बात महज पुलिस सुधार की नहीं है। अगर आतंकवाद को हम छद्म युद्व मानते हैं तो केवल डिफेंस से काम नहीं चलेगा। सीएनईबी के इस शो का प्रसारण 16 जुलाई शनिवार रात 8 बजे होगा और इसका दोबारा प्रसारण रविवार सुबह 11 बजे होगा। प्रेस रिलीज


