गुजरात में पटेल समुदाय के अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) की श्रेणी में आरक्षण की मांग को लेकर अब अमेरिका में रह रहे पाटीदार-पटेल समुदाय के लोग भी सरकार पर दबाव बनाने की तैयारी में हैं । उन्होंने घोषणा की कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की होने वाली अमेरिका यात्रा का बहिष्कार करेंगे ताकि इस मसले पर एक मजबूत संदेश दिया जा सके।

सरदार पटेल समूह के नेता लालजी पटेल ने अहमदाबाद में कहा कि लगभग 1000 से ज्यादा पटेलों ने अमेरिका के न्यूजर्सी में एडीसन टाउन में बैठक की और यहां उनके समुदाय के प्रदर्शन कर रहे लोगों को अपना समर्थन देने की बात कही।गौरतलब है कि सरदार पटेल समूह ने 25 अगस्त की रैली के बाद खुद को हार्दिक पटेल के नेतृत्व वाले पाटीदार अनानमत आंदोलन समिति से अलग कर लिया था और आरक्षण की मांग को लेकर एक समानांतर आंदोलन चला रहे हैं। जिसे अमेरिका में बसे पटेल समुदाय द्वारा भी समर्थन दिलाए जाने की कोशिश की जा रही है।


