बिहार : तमाम सियासी उथल-पुथल के बीच आज बिहार में विधान-सभा चुनावों की तारीखों का ऐलान कर दिया गया। बिहार में विधानसभा चुनाव पांच चरणों में पूरा होगा। प्रथम चरण का मतदान 12 अक्टूबर को, जबकि अंतिम चरण का मतदान पांच नवंबर को होगा। मतों की गिनती आठ नवंबर को होगी। मुख्य निर्वाचन आयुक्त नसीम जैदी ने कहा कि आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है। कुल 243 सदस्यों वाले बिहार विधानसभा का कार्यकाल 29 नवंबर को खत्म हो जाएगा। निर्वाचन आयोग के मुताबिक, मतदान का प्रथम चरण 12 अक्टूबर, दूसरा चरण 16 अक्टूबर, तीसरा चरण 28 अक्टूबर, चौथा चरण एक नवंबर, जबकि पांचवां और अंतिम चरण पांच नवंबर को संपन्न होगा।

भारतीय मुख्य चुनाव आयुक्त डॉक्टर नसीम जैदी ने बिहार चुनाव की घोषणा करते हुए बताया कि बिहार में कुल 6.68 करोड़ मतदाता हैं। कुल 243 सीटों के लिए चुनाव कराए जाएंगे। त्योहारों को देखते हुए तारीखों की घोषणा की गई है। केंद्र से पूरी पुलिस फोर्स लगाई जाएगी। 38 जिले में से 29 नक्सल प्रभावित माने जा रहे हैं। इसी को देखते हुए विशेष सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। सभी बूथों के लिए अर्धसैनिक बल तैनात रहेंगे। इसी के साथ आचार संहिता लागू हो गई है।
बिहार में पहले चरण का मतदान 49 विधानसभा की सीटों पर होगा । दूसरे चरण का मतदान 32 विधानसभा सीटों पर, तीसरे चरण का मतदान 50 विधानसभा सीटों पर, चौथे चरण में 55 विधानसभा सीटों पर और पांचवें चरण में 57 विधानसभा सीटों पर चुनाव होगा। चुनाव से पहले अंतिम 48 घंटों के लिए टीवी विज्ञापनों पर रोक लगा दी जाएगी। ईवीएम पर नाम के साथ प्रत्याशियों की तस्वीरें भी होगी। ऐसा पहली बार बिहार चुनाव के दौरान होने जा रहा है। पहले चरण की वोटिंग से ही एग्जिट पोल पर रोक लग जाएगी। हर विधानसभा में दो मॉडल पोलिंग बूथ होंगे।
243 सदस्यीय बिहार विधानसभा का कार्यकाल 29 नवंबर को समाप्त हो रहा है। राज्य में जदयू 10 साल से सत्ता में है और इस दौरान नीतिश कुमार के हाथों में काफी समय तक राज्य की बागडोर रही। कुमार की पार्टी का इस बार लालू प्रसाद की राजद और कांग्रेस के साथ गठबंधन है। नीतीश भाजपा के साथ 17 साल पुराना गठजोड़ तोड़कर जून 2013 में राजग से अलग हो गए थे। पिछले वर्ष लोकसभा चुनाव में भाजपा का रामविलास पासवान की लोजपा और उपेन्द्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक समता पार्टी के साथ गठजोड़ था और भाजपा नीतीश गठबंधन ने उस चुनाव में शानदार प्रदर्शन किया था।


