
भोपाल:- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने संसद में जीएसटी विधेयक पारित नहीं होने देने के लिए कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि देश के विकास, जनता की भलाई के काम और लोकतंत्र के मार्ग में ‘हवालाबाज’ रुकावटें खड़ी कर रहे हैं और कालेधन पर सरकार द्वारा सख्त कानून बनाने से परेशान हो गए हैं।
प्रधानमंत्री ने एक कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि लोकतंत्र में जय और पराजय होती रहती है। चुनाव में जय मिलने पर जनता की भलाई के लिए काम करने और पराजय मिलने पर आत्ममंथन करके कमियों को दूर करने की जरूरत होती है । लेकिन कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव में पराजय से कोई सबक नहीं लिया है।
संसद में जीएसटी विधेयक पारित नहीं होने देने के लिए कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा करीब-करीब सभी दल इस बात से सहमत थे कि संसद चलनी चाहिए, निर्णय होने चाहिए, लेकिन एक है जो मानता नहीं। आखिरकार भारी मन से हमें संसद का सत्रावसान करने का निर्णय करना पड़ा। संसद चले ऐसी आशा थी लेकिन उन्होंने (कांग्रेस) ऐसा होने नहीं दिया। कांग्रेस अध्यक्ष की ओर से प्रधानमंत्री पर ‘हवाबाजी’ करने संबंधी टिप्पणी का जिक्र किए बिना मोदी ने कहा कि सरकार ने कालेधन पर कठोर कानून बनाया है। कालेधन पर कठोर कानून से हवालेबाजों के पैरों के नीचे से जमीन खिसक गई है, वे परेशान हो गए हैं। मोदी ने कहा कि हवालेबाज लोकतंत्र के मार्ग में रुकावटें डालने का काम कर रहे हैं।


