
मेलबर्न: विश्व भर में भारतीय ज्ञान की कोई सानी नहीं है, यह बात जगजाहिर है। फिर चाहे वह क्षेत्र योग का हो, इंजीनियरिंग शोध का हो अथवा किसी स्पेलिंग प्रतियोगिता का। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए मेलबर्न में रहने वाले भारतीय मूल के 9 वर्षीय अनिरूद्ध काथिरवल ने द ग्रेट आस्ट्रेलियन स्पैलिंग बी प्रतियोगिता जीत कर भारत का नाम रोशन कर दिया। इस प्रतियोगिता की प्राइज मनी 50 हजार डॉलर के साथ अनिरूद्ध को अपने स्कूल के लिए 10 हजार डॉलर के उपहार भी दिए गए।
अनिरूद्ध के माता-पिता मूल रूप से तमिलनाडू से हैं और वह 16 साल पहले मेलबर्न में बस गए थे। अनिरूद्ध को भारतीय फिल्मों का शौक है और जब वह स्कूल की पहली कक्षा में था तब पहली बार आस्ट्रेलियन स्पेलिंग प्रतियोगिता में भाग लिया था। अनिरूद्ध का कहना है कि उन्होंने दो साल की उम्र से पढ़ना शुरू किया और धीरे-धीरे उनका पढ़ने जुनून बढ़ता गया। जिस वजह से नए शब्दों को सीखने के प्रति उनका रुझान बढ़ता गया। जिसके लिए उनके माता-पिता ने भी उन्हें हमेशा प्रोत्साहित किया और उनकी वर्तनी पर निर्माण करने के लिए भी मदद की। जिस वजह से आज वह यह प्रतियोगिता जीत सके हैं।


