
पश्चिम बंगाल सरकार ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस से जुड़ी 64 गोपनीय फाइलों को सार्वजनिक करने का फैसला किया है। यह फाइलें लंबे अरसे से राज्य सरकार के पास संरक्षित थीं। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि वह 18 सितंबर को इन फाइलों को सार्वजनिक करेंगी। नेताजी के परिजनों के अलावा कई अन्य सामाजिक संगठन इनको सार्वजनिक करने की मांग करते रहे हैं।
ममता बनर्जी ने बताया कि उन फाइलों को संरक्षित करके कोलकाता पुलिस संग्रहालय में प्रदर्शन के लिए रखा जाएगा और आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा। जिसके लिए राज्य सरकार के पास रखी नेताजी से संबंधित तमाम 64 फाइलें 15 सितंबर को कोलकाता पुलिस अभिलेखागार को सौंप दी जाएगी। इसके साथ ही ममता बनर्जी ने वर्ष 1937 से 1947 के बीच की इन तमाम फाइलों को डिजिटल स्वरूप में बदलने की प्रक्रिया भी जल्द ही शुरू करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें नेताजी की जन्म तिथि के बारे में तो जानकारी है, लेकिन हम उनके निधन के बारे में कुछ नहीं जानते और देश के लोगों को हक है कि वह नेताजी के जीवन के आखिरी दिनों के बारे में जानें।


