
हैदराबाद: कर्नाटक में सिकंदराबाद से मुंबई जा रही 12220 दुरंतो एक्सप्रेस के नौ डिब्बे पटरी से उतरने से एक गंभीर रेल हादसा हो गया है। इस हादसे में 2 महिला यात्रियों की मौत हो गई, जबकि तकरीबन 8 लोगों के घायल होने की खबर है। ऐसी आशंका है कि घायलों की संख्या बढ़ भी सकती है।
हादसा कर्नाटक के कलबुर्गी के मार्तूर गांव के करीब हुआ है। यह जगह कलबुर्गी से 20 किमी दूर है। पुणे के रेल अधिकारियों ने बताया कि रात करीब दो बजे ट्रेन शाहबाद स्टेशन से निकली थी। यहां से करीब 30 किलोमीटर दूर जाकर ट्रेन हादसे का शिकार हो गई। रेल मंत्री सुरेश प्रभु ने घटना पर दुख जताया है और हादसे के जांच के आदेश दे दिए हैं। एनडीआरएफ की दो टीमें घटनास्थल पर भेजी गईं हैं।


