: सचाई का पता लगाने के लिए मेरा, अमर सिंह का और प्रधानमंत्री समेत सभी का नारको टेस्ट किया जाना चाहिए : अमर सिंह के गिरफ्तार होने की परिस्थितियां पैदा हो चुकी हैं. उनके करीबी संजीव सक्सेना गिरफ्तार किये जा चुके हैं. आज सुहेल हिंदुस्तानी से दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने पूछताछ की. सुहेल ने पुलिस से कहा कि इस कांड के मुख्य खलनायक अमर सिंह थे. और, उनका साथ दिया अहमद पटेल समेत कई कांग्रेसी नेताओं ने.
‘नोट के बदले वोट’ मामले में एक मध्यस्थ सुहेल हिंदुस्तानी ने बुधवार को पुलिस को बताया कि राज्यसभा सदस्य अमर सिंह इसके मुख्य सूत्रधार थे. इसमें अहमद पटेल तथा अन्य कांग्रेसी नेताओं की संलिप्तता रही. अहमद पटेल कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के विश्वासपात्र हैं. खुद को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की युवा शाखा का पूर्व सदस्य बताने वाले सुहेल ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री के करीबी लोगों ने उन्हें फोन किया था.
दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा द्वारा पूछताछ किए जाने के बाद सुहेल ने संवाददाताओं से कहा, “मेरे पास छुपाने के लिए कुछ नहीं है। इसमें अमर सिंह की मुख्य भूमिका रही है। अमर सिंह ने इस पूरे मामले में अहमद पटेल का इस्तेमाल किया। अमर सिंह और अहमद पटेल मिलकर काम कर रहे थे और मैंने उनकी मदद की। इसमें कुछ भी छुपा नहीं है, यह आईने की तरह साफ है। अहमद पटेल ने मुझे फोन किया, कांग्रेस के बड़े नेताओं ने मुझे फोन किया, प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के करीबी लोगों ने मुझे फोन किया। सच्चाई का पता लगाने के लिए सभी का नारको परीक्षण कराया जाना चाहिए. मेरा नारको परीक्षण कीजिए, अमर सिंह का नारको परीक्षण कीजिए, यदि सम्भव हो तो मनमोहन सिंह का नारको परीक्षण कीजिए।”
कुछ दिनों पहले अमर सिंह पूर्व सहयोगी संजीव सक्सेना को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया। सक्सेना पर आरोप है कि उन्होंने भाजपा सांसदों, अशोक अर्गल, महावीर भगोरा और फगन सिंह कुलस्ते को 2008 में भारत-अमेरिका परमाणु समझौते को लेकर हुए विश्वास मत प्रस्ताव पर मतदान के दौरान मनमोहन सिंह सरकार के पक्ष में वोट देने के लिए रिश्वत देने की कोशिश की थी। लोकसभा में 22 जुलाई, 2008 को विश्वास मत से चंद मिनट पूर्व नोटों की गड्डियां लहरायी गई थीं। सुहेल को पूछताछ के लिए बुधवार सुबह अपराध शाखा बुलाया गया था। वहां वे अपने समर्थकों के साथ पूछताछ करने वाले वरिष्ठ अधिकारी के लिए फूलों का गुलदस्ता लेकर उपस्थित हुए।


