दुनिया में सबसे कम सैलरी देने वाले टॉप 10 देशों भारतीय आईटी कंपनियां भी शामिल हो गई हैं। एक सर्वे के अनुसार भारत में काम करने वाले एक मिड लेवल के आईटी मैनेजर को एवरेज 41 हजार डॉलर सैलरी मिलती है, वहीं विदेशों में इस काम के लिए चार गुना सैलरी दी जाती है। यह सर्वे रिक्रूटमेंट प्लेटफॉर्म, माई हायरिंग क्लब डॉट कॉम द्वारा 2015 की विश्वस्तर पर आईटी सेक्टर्स में मिलने वाली सैलरी पर किया गया है।
इस सर्वे में पिछले साल सबसे घटिया सैलरी देने वालों में भारत नंबर 7 पर रहा। इस लिस्ट में बुल्गारिया 25680 डॉलर के साथ टॉप पर है, वहीं वियतनाम (30983 डॉलर) और थाईलैंड (34423 डॉलर) दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं। माईहायरिंगक्लब डॉट कॉम के CEO राजेश कुमार ने बताया कि नॉर्थ अमेरिका और वेस्टर्न यूरोप में आउट सोर्सिंग और आउट शोरिंग की वजह से दुनियाभर में सैलरी पर असर पड़ा है। इस सर्वे में सामने आया है कि दुनिया में IT प्रोफेशनल्स को सबसे अधिक सैलरी देने वाला देश स्विटजरलैंड लिस्ट में टॉप पर है जो सालाना लगभग 1 करोड़ 13 लाख रुपए सैलरी देता है। सबसे ज्यादा सैलरी देने वाले देशों में दूसरे नंबर पर बेल्जियम है जो सालाना लगभग 1 करोड़ रुपए सैलरी देता है। सर्वे में सामने आया है कि भले ही भारत अपने कम कीमत पर काम करवाने की वजह से सबसे लोकप्रिय आउटसोर्सिंग देश बन गया हो, लेकिन भविष्य में बड़े बदलाव का अनुमान लगाया जा रहा है। माईहायरिंगक्लब डॉट कॉम द्वारा किए गए इस सर्वे में 40 देशों की 9413 कंपनियों के उन आईटी कर्मचारियों को शामिल किया गया जो अपने करियर के मध्य पड़ाव में हैं। यह सर्वे 1 अगस्त से 31 अगस्त 2015 के बीच किया गया।


