पटना। बिहार में अब सुशासन की पोल खुलने लगी है. बुधवार की दोपहर बेखौफ अपराधियों ने छपरा जिले में राजद सांसद उमाशंकर सिंह के घर पर एके 47 से ताबड़तोड़ फायरिंग करके तीन लोगों की हत्या कर दी. घटना के समय सांसद उमाशंकर सिंह घर पर मौजूद नहीं थे. वे दिल्ली में मौजूद थे. महाराजगंज से सांसद उमाशंकर सिंह की गिनती राजद के वरिष्ठ नेताओं में की जाती है. 70 वर्षीय सांसद ने पहले ही अपने ऊपर हमले की आशंका जताई थी.
इस हमले के बाद पूरे छपरा में तनाव है. इस हमलें में मणिभूषण सिंह, देवेंद्र सिंह और दिनेश राय की मौत हुई है. मणिभूषण सिंह जेडीयू नेता थे. देवेंद्र सिंह बानापुर पंचायत के मुखिया थे जबकि दिनेश राय मणिभूषण सिंह का ड्राइवर था. उमाशंकर सिंह का घर बीच शहर में स्थित है. यहां वे अक्सर अपने कार्यकर्ताओं और परिचितों से मुलाकात करते हैं. फिलहाल वे किसी काम से दिल्ली गए हुए थे.
सूत्रों का कहना है कि बेखौफ दर्जनों बदमाश जीप से आए थे. ताबड़ातोड़ फायरिंग करने के बाद वे आराम से फरार हो गए. पुलिस को मौके से एके 47 के कई खोखे बरामद हुए हैं. घटना की जानकारी के बाद पुलिस के होश उड़ गए हैं. पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर दिया है तथा हमला के कारणों की जानकारी जुटाने में लग गई है. अभी तक पुलिस को कोई सफलता नहीं मिली है. इस हमले में सांसद के परिवार का कोई सदस्य जख्मी या हताहत नहीं हुआ है.


