देवरिया। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सूर्य प्रताप शाही द्वारा उत्तर प्रदेश की मुखिया के विरोध में भाषण बाजी करने से खार खायी पुलिस ने आज श्री शाही के साथ जबरदस्त धक्का मुक्की तथा बदसलूकी की। पुलिस ने भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं पर लाठियां भांजी जिससे दर्जनों कार्यकर्ता घायल हो गये। घायलों में आम जनता के साथ ही दैनिक जागरण समाचार पत्र के एक पत्रकार भी शामिल हैं जो श्री शाही का समाचार कवर रहे थे। प्रदेश अध्यक्ष श्री शाही ने बताया कि स्वयं उनको तथा भाजपा के जिला के मीडिया प्रभारी विजय शुक्ल को भी चोटें चोटें आयी हैं।
देवरिया जिला मुख्यालय से करीब 20 किमी उत्तर पूर्व दिशा में स्थित पथरदेवा बाजार में आम जन सभा के बाद सड़क पर कई सालों से हुए जल जमाव के विरोध स्वरूप धान के बेहन की रोपाई करने से जिला प्रशासन द्वारा रोके जाने के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं और पुलिस में जमकर टकराव हुआ। बाद में पुलिस ने लाठी चार्ज कर कार्यकर्ताओं को खदेड़ने की कोशिश की। जिसमें भारतीय जनता पार्टी के दर्जनों कार्यकर्ता घायल हो गये। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के साथ पुलिस ने धक्का मुक्की की और उनके साथ बदसलूकी भी किया। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष का दावा है कि पुलिस ने मायावती के इशारे पर लाठी चार्ज किया है जिसमें भाजपा के करीब दो सौ कार्यकर्ताओं को चोटे आयी है।
इसके पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री शाही ने कहा है कि उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में जितने भी मुख्य चिकित्सा अधिकारियों की हत्याएं हुईं है सभी में उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री मायावती सीधे सीधे दोषी है। उनको भी हत्या का आरोपी बनाकर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई होनी चाहिये। श्री शाही ने यह भी कहा कि सीएमओ बीपी सिंह हत्याकाण्ड के मामले में संदेह के दायरे में आये देवरिया के बरहज से बसपा विधायक राम प्रसाद जायसवाल को प्रदेश की पुलिस प्रशासन ने पहले पकड़ा लेकिन बाद में छोड़ दिया। उन्होने कहा कि प्रदेश की जनता यह जानना चाहती है कि सीएमओ हत्याकाण्ड में शामिल इस बसपा विधायक को किसके दबाव में छोड़ा गया।
श्री शाही ने बुधवार को जिले के पथरदेवा बाजार में सड़क पर पिछले कई महीनों से लगे भारी जल जमाव का निकासी स्थानीय प्रशासन द्वारा नहीं किये जाने के विरोध में सड़क पर जमा पानी में धान के बेहन की रोपाई की। इसके पूर्व उन्होने आम जन सभा को सम्बोधित करते हुए जिला प्रशासन को चेताया कि यदि जिले की नहरों की सफाई 9 अगस्त तक नहीं हो सकी और उसमें भरपूर पानी नहीं छोड़ा गया तो नहरों को पाटने का काम भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता करेंगे। जिसकी समस्त जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।
देवरिया से ओपी श्रीवास्तव की रिपोर्ट.


