लखनऊ: यूपी सरकार ने दादरी मामले में केंद्र सरकार को अपनी रिपोर्ट सौंप दी है। रिपोर्ट में ‘बीफ’ शब्द की जगह पर प्रतिबंधित पशु का मीट लिखा गया है। यूपी सरकार ने दादरी का दौरा करने वाले नेताओं का ब्योरा भी केंद्र सरकार को दे दिया है।
हालांकि यूपी सरकार का अभी भी यही कहना है कि मामले की जांच चल रही है। जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ेगी रिपोर्ट भेजी जाएगी। गौरतलब है कि बीते दिनों दादरी में गोमांस खाने की अफवाह के चलते एक मुस्लिम की भीड़ ने पीट-पीट कर हत्या कर दी थी। इसके बाद से यह मामला चर्चा में बना हुआ है। दादरी की घटना के बाद होम मिनिस्ट्री ने यूपी सरकार से पूरे मामले की रिपोर्ट मांगी थी। 5 अक्टूबर को होम मिनिस्ट्री ने यूपी सरकार को एक एडवाइजरी भी जारी की थी। जिसके बाद यूपी सरकार ने अपनी रिपोर्ट सौंपी।
दादरी मामले पर फाइनेंस मिनिस्टर अरुण जेटली ने अमेरिका की कोलंबिया यूनिवर्सिटी में बयान दिया। एक लेक्चर के दौरान दादरी की घटना का जिक्र करते हुए कहा, “इस तरह की घटनाएं देश की इमेज खराब करती है। हमें इस तरह के मामलों के खिलाफ आवाज उठाने की जरूरत है। देश को ऐसी घटनाओं से आगे निकलना चाहिए।”


