इटावा : अन्ना हजारे की भ्रष्टाचार विरोधी मुहिम पर कांग्रेस के नेता किसलिये विरोध कर रहे हैं, इसका प्रत्यक्ष प्रमाण देखने को मिला इटावा में जहां पर कांग्रेस के एक नेता के भाई समेत को शराब तस्करी के मामले में गिरफ्तार कर लिया गया। वैसे तो कांग्रेस नेता के भाई एक होटल और वियर शाप चलाते हैं, लेकिन एकदम मालामाल होने की हसरत में बन बैठे शराब तस्कर माफिया। इससे पहले कभी भी इटावा पुलिस शराब का इतना बड़ा जखीरा पकड़ने में कभी भी कामयाब नहीं हुई है। कांग्रेस नेता के भाई के शराब तस्कर के रूप में पकडे़ जाने से इटावा के कांग्रेसियों में दोहरी प्रतिक्रिया देखी जा रही है।
शराब की तस्करी का एक बड़ा जखीरा इटावा में पुलिस ने बरामद करने में कामयाबी पाई है। करीब 4 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की इस शराब को बरामद करने मे कामयाबी रात उस समय मिली जब कांग्रेस के नेता संतोष चौधरी के भाई विजय चौधरी के भाई के होटल हर्षवर्धन पर पुलिस की संयुक्त टीम ने छापे मारी करके कांग्रेस नेता के भाई समेत 7 शराब तस्करों को गिरफ्तार करने के बाद उनके कब्जे से करीब 4 करोड़ रुपये मूल्य की रामपुर डिसटलरी से मंगवाई गई एक टैंकर शराब के अलावा भारी तादात मे निर्मित और अर्धनिर्मित शराब को बरामद किया गया है। दो टैंकर शराब को आंध्रप्रदेश के लिये भेजा गया था लेकिन इस शराब भरे टैंकर को इटावा लाया गया है।
सिर्फ इतना ही नही भारी तादात मे होलग्राम, लेवल, टक्कन और विभिन्न किस्म की शराब बनाने के एशेंस भी बरामद किये गये हैं। कांग्रेस पार्टी को झंडा लगी हुई टवेरा गाड़ी 5 अन्य गाडियों के साथ पकड़ी गई है। शराब की तस्करी करने वाले गैंग का सरगना विजय चौधरी के अलावा नईम कुरैशी, मुन्ना कुरैशी, लाखन सिंह, इसरार, विमलेश गुप्ता,फयाज और अमित गुप्ता को गिरफ्तार किया गया है। यह सभी एक अर्से से अवैध शराब का कारोबार करने मे लगे हुये थे। कांग्रेस पार्टी के प्रभाव और संरक्षण में अवैध शराब का कारोबार एक अर्से से जारी है।
शराब तस्कर विजय चौधरी के होटल हर्षवर्धन में ही राज वियर शाप भी है जिसके लाइसेंस को निरस्त किया जायेगा। कांग्रेस नेता संतोष चौधरी पूरे मामले के बाद मीडिया के सामने नहीं आये हैं, उनका कहना है कि वे इटावा से बाहर हैं इस लिये बात कर पाना संभव नहीं है। बताते चलें कि इटावा सदर विधानसभा के उप चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी के रूप मे संतोष चौधरी चुनाव लड़ चुके हैं।
इटावा से दिनेश शाक्य की रिपोर्ट.


