चंदौली : भारतीय समाचार पत्र विक्रेता संघ जिला इकाई के तत्वावधान में शुक्रवार को नगर में जिलाध्यक्ष विजय जायसवाल के नेतृत्व में अन्ना के समर्थन में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की शवयात्रा निकाली गई। नगर भ्रमण के उपरांत पत्र विक्रेताओं ने अखबार सेंटर के समीप पीएम के प्रतीकात्मक पुतला का दाह संस्कार कर विरोध प्रदर्शित किया। भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने क़ो जन लोकपाल बिल पारित करने की मांग की। देश को भ्रष्टाचार से मुक्त करने के लिए पत्र विक्रेताओं ने अलसुबह अखबार सेंटर पर एकत्रित होकर शव यात्रा निकाली। शवयात्रा में पत्र विक्रेता जवाहरलाल भारती मुंडन कराकर आगे-आगे चल रहे थे।
इस दौरान जिलाध्यक्ष विजय जायसवाल ने कहा कि बिना सुविधा शुल्क के कोई भी काम कराना मुमकिन नहीं है। अन्ना की हालत दिन प्रतिदिन
बिगड़ती जा रही है, लेकिन प्रधानमंत्री को इससे कोई लेनादेना नहीं है। पूर्व प्रदेश महामंत्री भागवत नारायण चौरसिया ने कहा कि सरकार हठधर्मी बनी हुई है। अंत में चेतावनी दिया कि यदि केंद्र सरकार यथाशीघ्र जन लोकपाल विधेयक नहीं पारित करती है, तो पत्र विक्रेता आरपार की लड़ाई लड़ने को बाध्य होंगे। शवयात्रा में अमित शर्मा, अमरनाथ भारती, कमलेश विश्वकर्मा, मदन यादव, इंदर सिंह कुशवाहा, जगदीश जायसवाल, बच्चन राम, छोटू कुशवाहा, सरदार गौतम, अखिलेश, चंदन, अमर शर्मा, सुमित शर्मा, सुनील, गोलू पाल, मानू आदि शामिल रहे।
चंदौली से संतोष जायसवाल की रिपोर्ट.


