ताजी खबर ये है कि केंद्र सरकार अन्ना हजारे के आंदोलन के आगे झुक गई है और टीम अन्ना के प्रस्तावों पर संसद के दोनों सदनों में वायस वोटिंग कराने को तैयार हो गई है. बताया जा रहा है कि आज रात आठ बजे पहले राज्यसभा फिर लोकसभा में वायस वोटिंग कराई जाएगी. इस निर्णय की जानकारी अन्ना हजारे को देने केंद्रीय मंत्री बिलास राव देशमुख रामलीला मैदान जाएंगे. माना जा रहा है कि रात को वोटिंग के नतीजों के बाद अन्ना हजारे अपना 13 दिनी अनशन अगले 24 घंटे के भीतर समाप्त कर देंगे.
सूत्रों के मुताबिक पीएम के कमरे में हुई आपात बैठक के बाद इस पर फैसला लिया गया. सरकार ने यह फैसला तब लिया जब अन्ना की टीम वोटिंग पर अड़ गई. प्रमुख विपक्षी दल भाजपा ने भी यह साफ कर दिया कि सरकार जिस रूप में भी प्रस्ताव लेकर आए, वह दोनों सदनों में उसका समर्थन करेगी. उधर, टीम अन्ना ने भी सकारात्मक संकेत दिए हैं. टीम अन्ना ने कहा कि संसद का प्रस्ताव को ध्वनिमत से पारित करना स्वागत योग्य कदम है. साथ ही अन्ना टीम ने कहा कि अनशन तोड़ने का फैसला खुद अन्ना हजारे करेंगे. टीम अन्ना का मानना है कि प्रस्ताव के ध्वनिमत से पारित होने के बाद अन्ना हजारे अनशन तोड़ सकते हैं हालांकि अंतिम फैसला वह खुद लेंगे.
उधर सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे के सहयोगियों ने शनिवार को केंद्रीय कानून मंत्री सलमान खुर्शीद से मुलाकात की. अन्ना के एक सहयोगी ने कहा, ”खुर्शीद ने उन्हें बुलाया था.” खुर्शीद से मुलाकात करने वालों में अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, प्रशांत भूषण और मेधा पाटकर शामिल हैं. इसके साथ ही अन्ना का अनशन टूटने की सम्भावना बनी. उधर ‘आर्ट ऑफ लिविंग’ के संस्थापक और आध्यात्मिक गुरु श्री श्री रविशंकर ने अन्ना हजारे से आग्रह किया है कि उन्हें शाम छह बजे से पहले अनशन तोड़ देना चाहिए जबकि कर्नाटक के पूर्व लोकायुक्त एन. संतोष हेगड़े ने उम्मीद जाहिर की है कि शाम तक लोकपाल विधेयक के मुद्दे पर कोई समाधान निकल आएगा.
उधर, इससे पहले दिन में आज संसद में लोकपाल बिल और अन्ना हजारे के अनशन पर चर्चा हुई जिसमें कई नेताओं ने अपनी बात रखी. सुषमा स्वराज ने अपने भाषण से सत्ता पक्ष पर करारा प्रहार किया. लालू यादव ने अपने अंदाज में सांसदों को खूब हंसाया और अन्ना हजारे व उनके आंदोलन पर टीका टिप्पणियां कीं. उधर, रामलीला मैदान में पूरे दिन समर्थकों का जोश बरकरार रहा. आज अन्ना हजारे के मंच पर आमिर खान और राजकुमार हीरानी प्रकट हुए और अपना पूरा सपोर्ट अन्ना हजारे को दिया. आमिर खान ने अन्ना से निजी तौर पर अपील की कि वे अनशन तोड़ दें क्योंकि उनका जीवन पूरे देश के लिए बहुत कीमती हैं और उनके नेतृत्व की देश को जरूरत है. दिन में हुए एक घटनाक्रम में जन लोकपाल बिल पर कांग्रेस के रुख से नाराज अन्ना समर्थकों ने दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय को घेरने की कोशिश की. पुलिस ने काफी मशक्कत कर उन्हें रोका. लेकिन वे मुख्यालय से थोड़ी दूरी पर ही धरने पर बैठ गए.
लोकसभा में क्या कहा सुषमा स्वराज ने
बीजेपी अन्ना हजारे की तीनों मांगों का समर्थन करती है. 43 सालों से लोकपाल बिल पास नहीं हो पाया है और अब ये बिल एक जन आंदोलन बन गया है. भ्रष्टाचार को लेकर जनता बौखला गई है और भ्रष्टाचार से त्रस्त जनता को सरकारी बिल पर गुस्सा आया. लोगों ने सरकारी बिल पर सवाल उठाए. सरकारी लोकपाल बिल कुंद था. सरकार ने मजबूत लोकपाल बिल का भरोसा दिलाया था और जब पूरी लोकसभा ने अपील की थी लग रहा था कि हल निकल जाएगा. राहुल गांधी संसद में बहुत कम आते हैं और शुक्रवार को स्पीकर के विशेषाधिकार से राहुल गांधी को बोलने की अनुमति मिली. शुक्रवार को जब राहुल गांधी ने शून्य काल बोलना शुरू किया तो जैसे लग रहा था कि वो राष्ट्र के नाम संदेश दे रहे हैं. पीएम के बयान पर राहुल गांधी ने पानी फेरा. पीएम को लोकपाल के दायरे में नहीं रखना गलत है. कुछ शर्तों के साथ पीएम को लोकपाल के दायरे में रखा जा सकता है. वर्तमान समय में न्यायपालिका के स्तर में गिरावट आई है लेकिन न्यायपालिका को लोकपाल के दायरे में लाना समस्या का हल नहीं. संसद के भीतर सांसदों का आचरण लोकपाल के दायरे में नहीं होना चाहिए.


