सहारा समूह के चेयरमैन सुब्रत राय का बीती रात मुंबई में निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे। आज उनका पार्थिव शहर लखनऊ के सहारा एस्टेट में लाया जाएगा। एक छोटी सी पूंजी लगाकर सहारा को बुलंदियों पर पहुंचाने वाले सुब्रत राय का जन्म वर्ष 1948 में बिहार राज्य के अररिया जिले में हुआ था। लेकिन पढ़ाई और कारोबार के सिलसिले में वह गोरखपुर में आकर बस गए थे।
गोरखपुर से की थी कारोबार की शुरुआत
सहारा श्री सुब्रत राय ने अपने कारोबार की शुरुआत गोरखपुर से की थी। एक किराए का छोटा सा कमरा लेकर वर्ष 1978 में मात्र 2000 रुपए की पूंजी लगाकर सुब्रत राय ने अपनी फाइनेंस कंपनी सहारा की शुरुआत की थी। जिसे बाद में उन्होंने अपनी मेहनत और लगन के दम पर दो लाख करोड़ की कंपनी बना दिया। इस फाइनेंस कंपनी में वह छोटे-छोटे दुकानदारों से सेविंग्स कराके अपनी कंपनी में लगवाते थे। बाद में कारोबार को बढ़ाने के लिए उन्होंने पंखे का व्यापार भी शुरू किया, जिसका प्रोडक्ट वह खुद एक स्कूटर के जरिए दुकानों पर पहुंचाते थे।
मीडिया जगत और रियल एस्टेट में भी रखा कदम
फाइनेंस कंपनी सहारा का मुनाफा देखकर सुब्रत राय ने बाद में मीडिया जगत और रियल एस्टेट के साथ ही साथ अपनी एयरवेज कंपनी एयर सहारा की भी शुरुआत की। लेकिन इसके सफल न होने के कारण, इसे बंद कर दिया। सहारा न केवल फाइनेंस में बल्कि हॉस्पिटैलिटी, रियल एस्टेट, मीडिया जगत में भी काफी नाम कमाया।


