2001 बैच के राजस्थान कैडर के आईएएस नवीन जैन इस समय अजब पहेली बने हुए हैं. अचानक वे कहीं चले गए हैं. अपने पत्नी के नाम एक पत्र छोड़ गए हैं. पत्र इस प्रकार है- ”मुझे अफसोस है कि 11 साल की नौकरी होते हुए भी मैं तुम्हें एक अच्छा मकान नहीं दिलवा सका, लेकिन ऊपर वाला भगवान भी सब देखता है। एक दिन सच्चाई सामने जरूर आएगी तो मैं भी सामने आऊंगा। तुम अपना ख्याल रखना। नरवाना या दिल्ली चले जाना। डोंट वरी, आई लव यू बेटा। -नवीन”
यह पत्र उन्होंने नैपकिन पर लिखा और अपनी कार में छोड़कर चले गए. उस वक्त उनकी पत्नी नरूलाज रेस्टोरेंट में थीं. नवीन जैन भी साथ थे. वे किसी बहाने से बाहर निकले और पत्र लिखकर कार में डालने के बाद गायब हो गए. घटनाक्रम शाहजहांपुर (बहरोड़) के पास घटित हुआ. नवीन जैन कल तड़के जयपुर से अपनी पत्नी, पुत्र और एक दोस्त के साथ दिल्ली के लिए निकले. वे कुछ वक्त तक बहरोड़ के महारानी होटल में सपरिवार रुके. सुबह वे यहां से निकले और साढ़े नौ बजे शाहजहांपुर के निकट हाईवे स्थित नरूलाज रेस्टोरेंट पहुंचे. यहां सबने नाश्ता किया. नवीन जैन बर्गर खाने के बाद मोबाइल पर बात करते हुए लॉन की तरफ निकले. बीस मिनट तक नहीं लौटे तो उनकी तलाश शुरू हुई. कार में चाभी लगी मिली और कार में पत्र पड़ा मिला. उनके दोस्त हरीश शर्मा ने पुलिस को सूचित किया. पत्नी और बेटे को छोड़कर आईएएस के गायब हो जाने की सूचना पर पुलिस-प्रशासन के लोग सक्रिय हो गए.
बताया जा रहा है कि वे अपने सरकारी आवास को लेकर चल रहे विवाद से परेशान थे. बांरा के जिलाधिकारी पद से तबादला होकर आए जैन को सेटलमेंट कमिश्नर के पद पर लगाया था. वे सामान्य प्रशासन विभाग के अधिकारियों की बिना अनुमति के सरकारी बंगले में रहने लग गए. इसकी शिकायत मुख्य सचिव तक पहुंची तो उन्होंने जैन से स्पष्टीकरण मांगा. सूत्रों के मुताबिक जैन इस विवाद से परेशान थे. नवीन जैन ने अपनी परेशानी सभी स्तरों पर स्पष्ट करनी चाही, लेकिन इसे किसी ने नहीं सुना. हरियाणा के जींद निवासी नवीन जैन के गायब होने की सूचना के बाद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, गृहमंत्री शांति धारीवाल और मुख्य सचिव एस.अहमद ने दिन में कई बार बैठकें की. शाम को जैन की पत्नी ने मुख्य सचिव से मुलाकात की. पुलिस ने गायब आईएएस की तलाश के लिए पांच दल गठित किए हैं. इन दलों को राजस्थान, हरियाणा, उत्तरप्रदेश और पड़ोसी राज्यों में तलाश के लिए भेजा गया है. नवीन जैन के पिता रायचंद जैन परिवार सहित जींद की नरवाना की ऑफिसर कालोनी में रहते हैं. ये लोग मूलरूप से नरवाना के सच्चाखेड़ा गांव के रहने वाले हैं.
भड़ास4मीडिया के कंटेंट एडिटर अनिल सिंह की रिपोर्ट


