श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने स्वीकार किया है कि उनका अपनी पत्नी पायल से अलगाव हो चुका है। पर उन्होंने इस बात से साफ इनकार किया कि वो दुबारा शादी करने जा रहे हैं। वो मीडिया में आई खबरों से भी नाराज दिखे। उमर अब्दुल्ला ने एक बयान जारी करके कहा कि जिस तरह मीडिया उनकी निजी जिंदगी में दखलअंदाजी कर रही है, उससे वे बेहद नाराज एवं आहत हैं।
उन्होंने कहा कि मैं यह स्वीकर करता हूं कि पायल से मेरा अलगाव हो चुका है। लेकिन यह सरासर गलत है कि मैं दोबारा विवाह करने वाला हूं। मीडिया जिस तरह से मेरी निजी जिंदगी के बारे में खबरें उछाल रहा है उससे मैं और मेरा पूरा परिवार बेहद आहत हुआ है। मीडिया बार-बार मेरी शादी की बात को लेकर कुछ न कुछ बकवास कर रहा है। कम से कम मुझसे इस संबंध में एक बार पूछ तो लिया गया होता कि क्या ऐसा होने वाला है। गौरतलब है कि मीडिया में इस समय तेजी से खबर आई है कि उमर पायल को तलाक देकर एक न्यूज एंकर से शादी करने जा रहे हैं।
उमर ने कहा कि मेरी प्राथमिकता मेरे पुत्र हैं। मैं नहीं चाहता हूं कि जहीर और जमीर की इस तरह सार्वजनिक रूप से चर्चा हो और उनकी तस्वीरें अखबारों में छापी जाएं। इससे मुझ पर तथा मेरे परिवार पर बुरा असर पड़ रहा है। उमर ने कहा कि सच तो यह है कि मीडिया को इस बात के लिए मेरी सराहना करनी चाहिए कि निजी जिंदगी की परेशानियों से जूझने के बावजूद मैं ने अपने सरकारी काम को प्रभावित नहीं होने दिया। उन्होंने कहा कि मीडिया को मेरी निजी जिंदगी में ताक झांक बंद करनी चाहिए।
गौरतलब है कि उमर के मुख्यमंत्री बनने के बाद से उनकी पत्नी पायल अपने बेटों-ज़हीर और ज़मीर के साथ दिल्ली में रह रही हैं। उमर दिल्ली में आते रहते हैं। पिछले कुछ महीनों से वह दिल्ली प्रवास के दौरान अपनी पत्नी से मिलते तक नहीं हैं। वह पायल के अकबर रोड वाले घर की बजाय अपने पिता और केंद्रीय मंत्री फारुख अब्दुल्ला के सफदरजंग रोड स्थित निवास या 5, पृथ्वीराज रोड पर जम्मू-कश्मीर भवन में ठहरते हैं। पिछले दिनों इस भवन का एक हिस्सा मुख्यमंत्री के रहने लायक बनवाया गया है।


