रतलाम : मध्य प्रदेश के रतलाम में एक धार्मिक समारोह चेहल्लूम में भगदड़ मचने से 12 लोगों की मौत हो गई है. ये भगदड़ जावरा में हुसैन टिकरी के चेहल्लूम समारोह में मची. घायलों का इलाज रतलाम और जावरा के अस्पतालों में कराया जा रहा है. चेहल्लूम के मौके पर जावरा में हुसैन टिकरी की दरगाह पर हर साल लाखों लोग पहुंचते हैं और जलते अंगारों पर चलते हैं. इस बार भी यहां करीब डेढ़ -दो लाख लोग पहुंचे थे और श्रद्धालुओं की दो से तीन किलोमीटर लंबी लाइन लगी थी.
इसी समय रात के एक बजे के करीब आग में किसी से कुछ डाल दिया जिससे वहां धक्कामुक्की शुरू हो गई जिसके बाद भगदड़ मच गई. भगदड़ में 12 लोगों की मौत हो गई. जबकि प्रशासन ने दावा किया है कि ये मौतें ठंड से हुई है ना कि भगदड़ से. लेकिन अस्पताल के डॉक्टरों का कहना है कि यहां लाए गए लोगों के शरीर पर चोट के निशान हैं, जिससे साफ पता चलता है कि वहां भगदड़ मची है. हादसे के बाद चारों तरफ अफरा-तफरी फैल गई और लोगों में अब भी दहशत का माहौल है. डीएम ने मृतकों के परिजनों को दस-दस हजार रुपए और घायलों को पांच-पांच हजार रुपए मुआवजे की घोषणा की है. बीजेपी जिलाध्याक्ष का कहना है कि मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को एक-एक लाख रुपए मुआवजे की घोषणा की है.


